छह युवतियां रेस्क्यू, होटल मैनेजर हिरासत में
एसपी गज़लप्रीत कौर का सख्त संदेश—अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस
विमल चोपड़ा
ज़ीरकपुर | 6 जनवरी। कालका–शिमला हाईवे पर स्थित होटल कंगना में ज़ीरकपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने होटल में छापा मारकर छह युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि होटल मैनेजर को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ज़ीरकपुर क्षेत्र में स्थित कुछ होटलों और स्पा सेंटर्स को लेकर लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के मद्देनज़र पुलिस ने गोपनीय तरीके से जांच शुरू की और पुख्ता जानकारी मिलने के बाद होटल कंगना पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों से छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू की गई युवतियों को काउंसलिंग और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित विभागों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं होटल मैनेजर से पूछताछ जारी है।
इस मामले को लेकर एसपी गज़लप्रीत कौर ने बताया कि ज़ीरकपुर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि बीते कुछ समय में पुलिस ने 12 से 13 ऐसे होटलों और स्पा सेंटर्स को सील किया है, जहां देह व्यापार या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इन कार्रवाइयों के दौरान अब तक करीब 50 लड़कियों को रेस्क्यू किया जा चुका है।
एसपी गज़लप्रीत कौर ने दो टूक शब्दों में कहा कि ज़ीरकपुर में किसी भी हाल में देह व्यापार जैसे संगठित अपराध को पनपने नहीं दिया जाएगा। होटल और स्पा संचालकों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी दबाव के कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।
फिलहाल पुलिस ने होटल कंगना को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस रैकेट के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं और कहीं इसमें बाहरी राज्यों या अन्य शहरों के गिरोह तो शामिल नहीं हैं। होटल से जुड़े दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत की भावना देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर स्थित होटलों में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं और अब पुलिस की सख्ती से ऐसे अवैध धंधों पर रोक लगने की उम्मीद जगी है। ज़ीरकपुर पुलिस की यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।











Total Users : 291414
Total views : 493750