नामी बिल्डरों समेत दर्जनभर ठिकानों पर छापेमारी से मचा हड़कंप
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
मोहाली/ चंडीगढ़, 7 मई। मोहाली और चंडीगढ़ में गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दर्जनभर से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। छापेमारी से बिल्डरों में हड़कंप मच गया। ईडी के डर से 9वी मंजिल से नोटों से भरे बैग नीचे फेंक दिए। यह कार्रवाई पंजाब-चंडीगढ़ के रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़े कई नामी बिल्डरों और प्रॉपर्टी कारोबारियों के ठिकानों पर की गई। सुबह तड़के शुरू हुई इस कार्रवाई में ED की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचीं और सुरक्षा बलों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया गया।
सूत्रों के मुताबिक, ED की यह रेड ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) से CLU (चेंज ऑफ लैंड यूज) लाइसेंस हासिल करने में कथित गड़बड़ियों, फर्जीवाड़े और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपों से जुड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय एजेंसी को लंबे समय से इस मामले में शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।
अफरा-तफरी में नौवीं मंजिल से फेंके गए नोटों से भरे बैग
छापेमारी के दौरान मोहाली की एक हाईराइज बिल्डिंग में उस समय हड़कंप मच गया, जब कथित तौर पर नौवीं मंजिल से 500 रुपये के नोटों से भरे बैग नीचे फेंके गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक ऊपर से नोट उड़ते हुए नीचे गिरने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जमीन पर पड़े दो बैग दिखाई दे रहे हैं। आसपास 500 रुपये के नोटों की गड्डियां बिखरी नजर आ रही हैं। वीडियो में मौके पर मौजूद लोगों की बातचीत भी सुनाई दे रही है। हालांकि, अभी तक ED की ओर से इस वीडियो या बरामद नकदी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेज खंगाल रही ED
जानकारी के अनुसार, ED की टीमें संबंधित कंपनियों और कारोबारियों के दफ्तरों व आवासों से दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस, बैंकिंग रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम सबूत जुटा रही हैं। एजेंसी विशेष रूप से उन लेन-देन की जांच कर रही है, जिनके जरिए कथित तौर पर अवैध धन जुटाया गया या निवेशकों को गुमराह किया गया।
सूत्रों का कहना है कि शुरुआती जांच में कई संदिग्ध वित्तीय ट्रांजैक्शन और प्रॉपर्टी डील्स एजेंसी के रडार पर आई हैं। ED अब इन दस्तावेजों के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध निवेश के नेटवर्क की पड़ताल करेगी।
रियल एस्टेट सेक्टर में बढ़ी बेचैनी
ED की इस कार्रवाई के बाद पंजाब और चंडीगढ़ के रियल एस्टेट कारोबार में हलचल तेज हो गई है। कई बिल्डर और प्रॉपर्टी कारोबारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ सकता है तथा कुछ और बड़े नाम एजेंसी के रडार पर आ सकते हैं।
फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान आने का इंतजार किया जा रहा है।












Total Users : 312442
Total views : 524567