ट्रिपल इंजन सरकार बनने पर विकास कार्यों की गति होगी तीन गुना
भाजपा संकल्प लेकर पूर्ण करती है, जबकि विपक्षी पार्टियां केवल घोषणाएं करती है
10 मई को कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशियों को भारी बहुमत से बनायें विजयी
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
सांपला 7 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार सांपला तक मेट्रो के विस्तार के लिए निरंतर केंद्र सरकार के संपर्क में है। मुख्यमंत्री ने लोगों का आह्वान किया कि वे नगरपालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कोच और सभी वार्ड प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं। भारतीय जनता पार्टी चुनाव में लिए संकल्पों को पूर्ण करती है, जबकि विपक्षी पार्टियां घोषणा पत्र के वायदों को भूल जाती है। सरकार द्वारा डेढ़ वर्ष में 217 संकल्पों में से 63 संकल्प पूर्ण कर लिये है तथा शेष पर तेज गति से काम जारी है। सांपला को विकास के क्षेत्र में पिछड़ने नहीं दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को सांपला नगरपालिका चुनाव के प्रचार अभियान के तहत स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांपला की पवित्र भूमि चौधरी छोटूराम की कर्मभूमि है और यहां आते ही उन्होंने चौ. छोटूराम स्मारक पहुंचकर किसानों के मसीहा को नमन किया है। उन्होंने कहा कि जनता की भारी उपस्थिति यह संकेत दे रही है कि भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कोच भारी मतों से विजयी होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में प्रदेशभर में कमल के फूल के पक्ष में एकतरफा माहौल है। भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार ने पिछले साढ़े दस वर्षों में प्रदेश में विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
नायब सिंह सैनी ने विश्वास व्यक्त किया कि 10 मई के बाद सांपला में भी ट्रिपल इंजन सरकार बनने जा रही है, जिसके बाद यहां विकास कार्यों की गति बढक़र तीन गुना हो जायेगी । उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा सरकार की नीतियों पर विश्वास जता रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बिना पर्ची और बिना खर्ची के 25 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का ऐतिहासिक कार्य किया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार द्वारा गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए किडनी रोगियों के लिए डायलिसिस की सुविधा पूरी तरह मुफ्त की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनावी वायदे के अनुसार गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने की योजना लागू की है तथा करोड़ों रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे गए हैं। इसी प्रकार महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह देने की दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए बजट में 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान, गरीब, महिला और युवा सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सांपला क्षेत्र में लाइन पार की समस्याएं, पानी, अंडरपास तथा गलियों से संबंधित जो भी मुद्दे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 1 लाख 60 हजार मकान बनाकर दिए गए हैं। साथ ही जिन परिवारों के पास मकान बनाने के लिए जमीन नहीं है, उन्हें प्लॉट उपलब्ध करवाने का कार्य भी सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत हजारों पात्र परिवारों को 30 गज के प्लॉट दिए जा चुके हैं।
नायब सिंह सैनी ने आयुष्मान भारत और चिरायु योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के डेढ़ करोड़ लोग इस योजना से जुड़े हुए हैं और लगभग 27.5 लाख लोगों का मुफ्त इलाज कराया जा चुका है, जिस पर सरकार ने करीब 4 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसी तरह 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के इलाज की जिम्मेदारी भी सरकार उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़ नेटवर्क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे 10 मई को कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कोच और सभी वार्ड उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं। जनसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली की उपस्थिति में सांपला ब्लॉक समिति चेयरमैन, सांपला खंड के 14 सरपंचों, रोहतक खंड के 29 सरपंचों ने भाजपा की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी ज्वाइन की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनसभा के उपरांत खेड़ी साध में अपना काफिला रुकवाकर लोगों से मिले। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है तथा नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जा रहा है।
सांपला के चहुंमुखी विकास के लिए भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाये :- मोहन लाल बड़ौली
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष श्री मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं पार्टी के प्रत्याशियों के लिए जनता का समर्थन प्राप्त करने के लिए सांपला पहुंचे है। उन्होंने सांपला की जनता से नगर पालिका चुनाव में प्रधान व पार्षदों के लिए भाजपा के प्रत्याशियों का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांपला में भाजपा समर्थित ट्रिपल इंजन सरकार बनने से विकास कार्यों की गति और तेज होगी। उन्होंने कहा कि सांपला के साथ-साथ प्रदेश को विकास की राह पर तेजी से अग्रसर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जनता की सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे एक-एक वोट भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में डालकर पार्टी प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं।
सांपला में खिलेगा कमल, भाजपा को मिल रहा भारी जनसमर्थन : – सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
सहकारिता मंत्री एवं सांपला नगर पालिका चुनाव प्रभारी डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और सांपला भी इस विकास यात्रा में पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सांपला नगर पालिका चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से विजय हासिल करेगी और नगर में चारों तरफ कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और हरियाणा भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सांपला की जनता भी भाजपा के विकास मॉडल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। उन्होंने कहा कि सांपला के प्रत्येक वार्ड में भाजपा को व्यापक समर्थन मिल रहा है।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि सांपला के लोगों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए भविष्य में नगर को बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सांपला की छत्तीस बिरादरी भाजपा और कमल के साथ खड़ी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई स्पष्ट उम्मीदवार है और न ही विकास का विजन, जबकि भाजपा सेवा, विकास और जनकल्याण की राजनीति कर रही है। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नगर के विकास और मजबूत नेतृत्व के लिए कमल के फूल का समर्थन करें।
इस अवसर पर खरखौदा विधायक पवन खरखोदा, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर ढाका, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, रोहतक के मेयर राम अवतार वाल्मीकि, वरिष्ठ नेता कृष्णमूर्ति हुड्डा, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजु हुड्डा, दीपक निवास हुड्डा, जिला प्रभारी सत्येंद्र परमार, डॉ. दिनेश घिलौड़ तथा मंडल अध्यक्ष कपिल अत्री, भाजपा के प्रधान पद के उम्मीदवार प्रवीन कोच व सभी पार्षद प्रत्याशी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।













Total Users : 323386
Total views : 540038