August 29, 2026 12:56 pm

August 29, 2026 12:56 pm

PANCHKULA NEWS: सेक्टर-5 की नाइट फूड स्ट्रीट बनी असुरक्षा का अड्डा ?

स्कूली बच्चों से मारपीट के बाद भड़के अभिभावक, बोले- सुरक्षा नहीं दे सकते तो बंद करो नाइट कल्चर
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला। शहर में आधुनिक “नाइट लाइफ कल्चर” को बढ़ावा देने के नाम पर सेक्टर-5 में चल रही नाइट फूड स्ट्रीट अब गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। देर रात तक खुलने वाली इस फूड स्ट्रीट में पिछले दिनों छोटे स्कूली बच्चों के साथ हुई मारपीट की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। घटना के बाद अभिभावकों, स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब सेक्टर-5 जैसे वीआईपी इलाके में, जहां पुलिस थाना भी बेहद नजदीक मौजूद है, वहां भी लोग सुरक्षित नहीं हैं तो आम जगहों की स्थिति क्या होगी। लोगों का कहना है कि रात के समय फूड स्ट्रीट में बड़ी संख्या में युवा, परिवार, महिलाएं और बच्चे पहुंचते हैं, लेकिन वहां सुरक्षा के नाम पर व्यवस्थाएं नाकाफी दिखाई देती हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात कुछ शराब के नशे में धुत युवकों ने वहां पहुंचे बच्चों और अन्य लोगों के साथ अभद्रता और मारपीट की। घटना के दौरान मौके पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कमजोर नजर आई। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते पुलिस की मौजूदगी होती तो स्थिति इतनी न बिगड़ती।

घटना के बाद अभिभावकों में भारी रोष है। उनका कहना है कि प्रशासन सिर्फ नाइट कल्चर और चमक-दमक दिखाने में व्यस्त है, लेकिन लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। अभिभावकों ने पुलिस कमिश्नर (सीपी) और डीसीपी से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।

लोगों ने प्रशासन से कई गंभीर सवाल पूछे हैं—
क्या फूड स्ट्रीट में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे सही तरीके से काम कर रहे हैं?
रात के समय कितनी पीसीआर गाड़ियां और पुलिस राइडर वहां गश्त करते हैं?
क्या शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर कोई निगरानी है?
क्या महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई विशेष इंतजाम किए गए हैं?
स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात सेक्टर-5 क्षेत्र में कई बार शराब पीकर हुड़दंग करने वाले युवक खुलेआम घूमते दिखाई देते हैं, जिससे परिवारों और महिलाओं में डर का माहौल बना रहता है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई दिखाई नहीं देती।

सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो आने वाले समय में कोई बड़ी घटना भी हो सकती है। लोगों ने मांग की है कि फूड स्ट्रीट क्षेत्र में स्थायी पुलिस चौकी, लगातार गश्त, शराबियों पर सख्त कार्रवाई और हाईटेक सीसीटीवी निगरानी तुरंत लागू की जाए।
अभिभावकों ने दो टूक कहा कि यदि प्रशासन सुरक्षित माहौल नहीं दे सकता तो केवल दिखावे के लिए चल रहे इस “नाइट कल्चर” को तुरंत बंद कर देना चाहिए। शहरवासियों का कहना है कि मनोरंजन और विकास जरूरी हैं, लेकिन उससे पहले लोगों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 3 2 4
Total Users : 400324
Total views : 645930

शहर चुनें