June 5, 2026 4:26 am

June 5, 2026 4:26 am

HARYANA NEWS: 1 जून से पूरे हरियाणा में इनेलो करेगी विरोध प्रदर्शन

पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की बढ़ी कीमतों के खिलाफ जिला मुख्यालयों पर होगा प्रदर्शन
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 28 मई। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की बढ़ाई गई कीमतों के खिलाफ 1 जून 2026 को पूरे हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों ने मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का जीना मुश्किल कर दिया है।

चंडीगढ़ स्थित इनेलो मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रो. संपत सिंह ने बीजेपी की केंद्र और हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल में 7.50 रुपये प्रति लीटर, घरेलू गैस सिलेंडर में 110 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 993 रुपये की बढ़ोतरी जनता पर सीधा आर्थिक हमला है। उन्होंने कहा कि यह केवल महंगाई नहीं बल्कि जनता के साथ खुली लूट है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने पेट्रोलियम और गैस की कीमतों को राजनीतिक हथियार बना लिया है। चुनावों के दौरान कीमतें स्थिर रखी जाती हैं और चुनाव समाप्त होते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया जाता है। प्रो. संपत सिंह ने कहा कि जब कच्चे तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कम हुई हैं, तब भी देश में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए जा रहे हैं, जो सरकार की गलत नीतियों को दर्शाता है।
इनेलो नेता ने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकारों ने वित्त वर्ष 2014-15 से 2025-26 के बीच पेट्रोलियम पर टैक्स और राजस्व के जरिए लगभग 75 लाख करोड़ रुपये कमाए हैं। वहीं हरियाणा सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर टैक्स से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। उन्होंने कहा कि सरकारी तेल कंपनियों ने लगभग 10 लाख करोड़ रुपये और रिलायंस जैसी निजी कंपनियों ने करीब 9 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है।

प्रो. संपत सिंह ने यह भी कहा कि हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2026 से मार्च 2026 के बीच निजी तेल कंपनियों का लाभ 41 प्रतिशत तक बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और तेल कंपनियां आम जनता की जेब पर डाका डालकर मुनाफाखोरी कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों के कारण परिवहन, खेती-किसानी और घरेलू खर्च बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। किसान, मजदूर, ट्रांसपोर्टर और मध्यम वर्ग महंगाई से परेशान हैं, जबकि सरकार और कंपनियां मुनाफा कमाने में लगी हुई हैं।
प्रो. संपत सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 31 मई 2026 तक बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो 1 जून 2026 को पूरे हरियाणा में इनेलो की ओर से जोरदार और आक्रामक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल, डीजल और गैस पर लगाए गए अत्यधिक टैक्स तुरंत कम किए जाएं तथा निजी और सरकारी कंपनियों की मुनाफाखोरी पर रोक लगाई जाए।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 3 3 2 6 6
Total Users : 333266
Total views : 554035

शहर चुनें