रामगढ़ स्थित TBRL यूनिट में हुआ परीक्षण, इलाके में रहा हाई अलर्ट
रमेश गोयत
पंचकूला,31 मई। हरियाणा के पंचकूला जिले में स्थित रामगढ़ की डीआरडीओ यूनिट टीबीआरएल (Terminal Ballistics Research Laboratory) में रविवार को हाई कैलिबर बम का सफल ट्रायल किया गया। यह परीक्षण वायु सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। ट्रायल के दौरान पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित किया गया था।
प्रशासन और पुलिस पहले से रहे सतर्क
बम परीक्षण को देखते हुए टीबीआरएल, पंचकूला जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने पहले ही सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर दी थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से घरों में रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की थी। सुरक्षा कारणों से इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
2 किलोमीटर का इलाका घोषित किया गया संवेदनशील
अधिकारियों के अनुसार ट्रायल के दौरान बम के टुकड़े करीब 1.5 किलोमीटर तक उड़ने की आशंका जताई गई थी। इसी को देखते हुए करीब 2 किलोमीटर के दायरे को संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया। विशेष रूप से भानू और बिल्ला गांव के लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे।
सफल ट्रायल के बाद राहत
जानकारी के अनुसार हाई कैलिबर बम का परीक्षण सफल रहा और पूरे ऑपरेशन को सुरक्षा मानकों के तहत पूरा किया गया। ट्रायल के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। हालांकि पूरे मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क बनी हुई हैं।













Total Users : 333253
Total views : 554022