बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 02 जून 2026। सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (GMSH-16) के ब्लड बैंक में मंगलवार तड़के एक मामूली आग लगने की घटना सामने आई। आग लगने की सूचना से अस्पताल में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना तुरंत पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी गई। फायरब्रिगेड व अस्पताल प्रशासन, सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों की तत्परता के चलते आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान या स्वास्थ्य सेवाओं में व्यवधान की स्थिति नहीं बनी।
जानकारी के अनुसार, दिन निकलने से पहले ब्लड बैंक क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने धुआं और आग की स्थिति देखी। कर्मचारियों ने तुरंत सुरक्षा विभाग को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की और आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं (DHS), मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (MS), डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (DMS) तथा ब्लड बैंक प्रभारी ने स्थिति का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि ब्लड बैंक की आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों और अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण ब्लड बैंक परिसर में स्थापित एयर कंडीशनिंग यूनिट में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रभावित हिस्से को तुरंत सुरक्षित कर लिया गया और एहतियात के तौर पर आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए गए।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है। साथ ही रक्त भंडार, चिकित्सा उपकरणों, महत्वपूर्ण अभिलेखों और भवन संरचना को भी कोई उल्लेखनीय नुकसान नहीं पहुंचा है।
प्रशासन ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विस्तृत तकनीकी जांच कराई जा रही है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।













Total Users : 333266
Total views : 554035