बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
फरीदाबाद, 6 जून। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी सेक्टर-7, थाना सेक्टर-8, फरीदाबाद में तैनात हेड कांस्टेबल रणबीर को 2,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी को दी गई शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल पार्किंग यार्ड से बरामद होने के बाद पुलिस चौकी सेक्टर-7 में खड़ी थी। आरोप है कि मामले के जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल रणबीर ने मोटरसाइकिल को छुड़वाने और रिकवरी एजेंटों के साथ समझौता कराने के नाम पर शिकायतकर्ता से 2,500 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी फरीदाबाद ने मामले की प्रारंभिक जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी हेड कांस्टेबल रणबीर को शिकायतकर्ता से 2,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में एफआईआर संख्या 10 दिनांक 06 जून 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
ब्यूरो के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सरकारी कर्मचारी को भ्रष्ट आचरण में लिप्त पाए जाने पर बख्शा नहीं जाएगा।













Total Users : 344062
Total views : 569435