June 15, 2026 2:18 pm

June 15, 2026 2:18 pm

CHANDIGARH NEWS: चंडीगढ़ में भ्रष्टाचार पर CBI का शिकंजा कड़ा!

रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू

मोबाइल मैसेज और व्हाट्सएप के जरिए लोगों को किया जा रहा जागरूक,

पब्लिक डीलिंग वाले लगभग छ: विभाग सीबीआई की रडार पर;इस साल कई ट्रैप कार्रवाई में भ्रष्ट कर्मचारी गिरफ्तार

रमेश गोयत
चंडीगढ़, 8 जून। सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) चंडीगढ़ ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत शहर के लोगों को मोबाइल संदेशों और अन्य माध्यमों से यह जानकारी दी जा रही है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी वैध सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी तुरंत शिकायत सीबीआई को करें।
सीबीआई द्वारा भेजे जा रहे संदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में आम नागरिकों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी सेवा प्रदान करने, फाइल पास करने, लाइसेंस जारी करने, प्रमाण पत्र बनाने या किसी अन्य सरकारी कार्य के बदले धनराशि अथवा किसी प्रकार का अवैध लाभ मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत सीबीआई एसीबी चंडीगढ़ को दी जाए।

लगभग छ: प्रमुख विभाग सीबीआई की निगरानी में
सूत्रों के अनुसार चंडीगढ़ के पब्लिक डीलिंग वाले करीब छह विभाग इस समय सीबीआई की विशेष निगरानी में हैं। इन विभागों के खिलाफ सबसे अधिक शिकायतें मिलने की बात सामने आई है। आम लोगों का सीधा संपर्क होने के कारण इन विभागों में रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार दर्ज होती रही हैं।
सीबीआई अधिकारियों का मानना है कि शिकायतों के आधार पर निगरानी बढ़ाने से भ्रष्ट तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है और सरकारी कार्यों में पारदर्शिता लाई जा सकती है।

इस वर्ष कई ट्रैप ऑपरेशन में मिली सफलता
वर्ष 2026 के दौरान सीबीआई एसीबी चंडीगढ़ ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कई ट्रैप ऑपरेशन चलाए हैं। इन कार्रवाइयों में रिश्वत लेते हुए कई सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। सीबीआई की इन सफल कार्रवाइयों ने यह संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के खिलाफ एजेंसी लगातार सतर्क है और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रैप मामलों में बढ़ती कार्रवाई का असर सरकारी तंत्र पर भी दिखाई दे रहा है और कई विभागों में कर्मचारी रिश्वत मांगने से पहले सतर्क हो रहे हैं।

लोगों में बढ़ रही जागरूकता
भ्रष्टाचार विरोधी अभियानों का असर अब आम नागरिकों पर भी दिखाई देने लगा है। पहले जहां कई लोग रिश्वत मांगने की घटनाओं की शिकायत करने से बचते थे, वहीं अब लोग आगे आकर भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने लगे हैं।
सीबीआई का मानना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी लड़ाई तभी संभव है जब आम जनता बिना डर के शिकायत दर्ज कराए और जांच एजेंसियों का सहयोग करे। इसी उद्देश्य से जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जा रहा है।

शिकायत कहां करें?
सीबीआई एसीबी चंडीगढ़ ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत निम्न माध्यमों से दें—
फोन/व्हाट्सएप: 9780484808
पता: सीबीआई एंटी करप्शन ब्रांच (ACB), सेक्टर-30ए, चंडीगढ़ – 160030
सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों को गोपनीय रखा जाएगा तथा प्राप्त सूचना के आधार पर नियमानुसार जांच और कार्रवाई की जाएगी।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 5 8
Total Users : 344058
Total views : 569430

शहर चुनें