रमेश गोयत
चंडीगढ़, 10 जून। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के प्रमुख अर्शिंदर सिंह चावला ने बुधवार को अंबाला और कैथल इकाइयों का दौरा कर ब्यूरो की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों का मूल्यांकन किया, आमजन की शिकायतें सुनीं तथा मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार और ब्यूरो की रणनीति साझा की।
मीडिया से बातचीत में चावला ने कहा कि उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य यूनिटों के प्रदर्शन का आकलन करना और आम जनता से सीधे फीडबैक प्राप्त करना है। उन्होंने बताया कि यह देखा जा रहा है कि अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए किस प्रकार कार्य कर रहे हैं तथा उन्हें भ्रष्टाचार निरोधक कार्रवाई से जुड़ी प्रक्रियाओं की कितनी जानकारी है।
उन्होंने कहा कि एसीबी जनता के बीच जाकर यह जानना चाहती है कि भ्रष्टाचार किन विभागों और कार्यालयों में जड़ें जमा चुका है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। ब्यूरो का विशेष फोकस उन अधिकारियों और कर्मचारियों पर है जो रिश्वत लिए बिना सरकारी कार्य करने को तैयार नहीं होते। ऐसे भ्रष्ट तत्वों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

जल्द लॉन्च होगा मोबाइल ऐप
एसीबी प्रमुख ने बताया कि भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों को और अधिक सरल बनाने के लिए ब्यूरो जल्द ही एक उपयोगकर्ता-अनुकूल मोबाइल ऐप लॉन्च करेगा। इस ऐप के माध्यम से नागरिक वीडियो, फोटो या अन्य साक्ष्यों सहित अपनी शिकायत सीधे एसीबी मुख्यालय तक भेज सकेंगे। इसके अलावा ब्यूरो की 24 घंटे संचालित हेल्पलाइन भी शिकायत दर्ज कराने के लिए उपलब्ध है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है या बिना पैसे लिए कार्य करने से इनकार करता है तो उसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिकायतकर्ताओं की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्रत्येक शिकायत का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कैथल यूनिट के कार्य की सराहना
दौरे के दौरान चावला ने कैथल यूनिट द्वारा हाल ही में की गई सफल ट्रैप कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग एक महीने के दौरान यूनिट ने एक महत्वपूर्ण भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ब्यूरो का लक्ष्य है कि प्रत्येक जिले में हर महीने कम से कम एक भ्रष्ट अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों में कानून का भय बना रहे।
उत्कृष्ट अधिकारियों और जागरूक नागरिकों को मिलेगा सम्मान
एसीबी प्रमुख ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ महत्वपूर्ण सूचना देने वाले लोग सीधे उनके मोबाइल नंबर पर भी जानकारी साझा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ब्यूरो में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए आगामी छह माह के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही वर्ष 2021 से अब तक ऐसे मामलों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है जिनमें नागरिकों ने भ्रष्ट अधिकारियों को पकड़वाने और न्यायालय में अंतिम निर्णय तक सहयोग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे जागरूक नागरिकों को भी सम्मानित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
चावला ने कहा कि हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और एसीबी भ्रष्टाचार की जड़ों पर प्रहार करने के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई कर रही है।













Total Users : 342072
Total views : 566564