रमेश गोयत
चंडीगढ़, 11 जून। राजकीय कन्या मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-20बी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने के लिए लगातार सार्थक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विद्यालय की एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुनीता श्योराण के नेतृत्व में छात्राओं को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
विद्यालय में ‘नशे को ना कहो’ अभियान के तहत नियमित रूप से शपथ ग्रहण समारोह, जागरूकता रैलियां, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं तथा विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के साथ-साथ समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया जाता है। महिला दिवस और शहीदी दिवस के अवसर पर सेक्टर-17 प्लाजा में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में भी छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जनसामान्य को जागरूक किया।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विद्यालय द्वारा ‘सेव ट्रीज, सेव अर्थ’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत नियमित वृक्षारोपण, पौधों की देखभाल, प्लास्टिक मुक्त परिसर, जल संरक्षण तथा ऊर्जा बचत संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इन प्रयासों के माध्यम से छात्राओं में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव विकसित किया जा रहा है।

स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय में मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य और साफ-सफाई से जुड़े विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों से छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होती हैं और वे बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होती हैं।
एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविरों के दौरान छात्राएं स्वच्छता अभियान, वृद्धाश्रम सेवा, स्वास्थ्य शिविरों में सहयोग तथा जरूरतमंद बच्चों को शिक्षित करने जैसी सामाजिक गतिविधियों में भाग लेकर सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के गुणों को विकसित कर रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से उनमें सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता भी बढ़ रही है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुनीता श्योराण ने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है। उन्होंने बताया कि उनके ‘एविएशन फॉर गर्ल्स’ प्रयास के तहत विद्यालय की एक छात्रा को दिल्ली स्थित आईजीआई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ग्राउंड ड्यूटी सुपरवाइजर के पद पर नियुक्ति मिली है, जो इस पहल की एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि समाज में स्थायी और सकारात्मक बदलाव छोटे-छोटे निरंतर प्रयासों से ही संभव हैं। एनएसएस के माध्यम से छात्राओं को सेवा, संवेदनशीलता और नेतृत्व की भावना से जोड़कर उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।













Total Users : 341934
Total views : 566383