July 28, 2026 12:13 pm

July 28, 2026 12:13 pm

HARYANA NEWS: रिश्वतखोरी पर ACB का शिकंजा: बिजली निगम का सहायक लाइनमैन 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
फरीदाबाद, 12 जून। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), हरियाणा की फरीदाबाद टीम ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के सहायक लाइनमैन सोनू राम को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कार्यालय उपमंडल छायंसा, फरीदाबाद में कार्यरत है। इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहन जांच जारी है।

क्या था मामला-
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि 3 जून 2026 को बिजली विभाग की टीम ने उसके घर पर बिजली चोरी की जांच की थी। इस दौरान जेई धर्मेंद्र के साथ मौजूद सहायक लाइनमैन सोनू राम ने शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया कि वह बिजली चोरी के मामले में लगने वाले जुर्माने को कम करवा देगा, जिसके बदले उसने 18 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत देने से इंकार करने पर आरोपी ने उसे नियमानुसार जुर्माना भरने की बात कही।इसके बाद 10 जून 2026 को आरोपी ने पुनः शिकायतकर्ता से संपर्क किया और दावा किया कि उसकी टीम ने शिकायतकर्ता के घर पर दोबारा छापा मारकर बिजली चोरी के साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी ने शिकायतकर्ता को बिजली चोरी के संबंध में खींची गई तस्वीरें व्हाट्सएप के माध्यम से भेजीं तथा मामले से बचाने के नाम पर कार्यालय आने के लिए कहा। शिकायतकर्ता अगले दिन 11 जून को बिजली निगम कार्यालय, छायंसा पहुंचा, जहां आरोपी सोनू राम ने उससे 3,000 रुपये रिश्वत के रूप में ले लिए तथा यह कहते हुए अतिरिक्त 5,000 रुपये और मांगे कि इस कार्य में कई लोग शामिल हैं।
एसीबी फरीदाबाद ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता से पूर्व में वसूले गए 3,000 रुपये भी बरामद कर लिए गए।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 7 8 4 7 5
Total Users : 378475
Total views : 616290

शहर चुनें