बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला, 31 जुलाई। हरियाणा के पंचकूला स्थित सेक्टर-1 जिला न्यायालय परिसर को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और पूरे न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10:35 बजे जिला न्यायालय परिसर को लेकर सुरक्षा संबंधी खतरे का अलर्ट मिला। इसके तुरंत बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों और एएससी (ASC) सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया गया।
धमकी के मद्देनज़र कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से परिसर में आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है तथा सभी आवश्यक एहतियाती उपाय लागू किए गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियां पूरे न्यायालय परिसर पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां धमकी की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।












Total Users : 382552
Total views : 621932