November 14, 2026 11:07 pm

November 14, 2026 11:07 pm

हरियाणा ने चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों में एसजीएसटी संग्रह वृद्धि में देशभर में बनाया पहला स्थान

राष्ट्रीय औसत 13 प्रतिशत के मुकाबले दोगुने से भी अधिक, 28 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की
 
बीते वित्त वर्ष 2025-26 में एसजीएसटी संग्रह वृद्धि में हासिल किया था देश में पहला स्थान
 
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 2 अगस्त- वित्त वर्ष 2025-26 में राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) संग्रह वृद्धि में देशभर में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद हरियाणा ने वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों में भी पोस्ट-सेटलमेंट एसजीएसटी संग्रह वृद्धि में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है।

केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) की ओर से जारी नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई 2026 में हरियाणा का पोस्ट-सेटलमेंट एसजीएसटी संग्रह 5,135 करोड़ रुपये रहा, जबकि जुलाई 2025 में यह 4,027 करोड़ रुपये था। इस प्रकार राज्य ने वर्ष-दर-वर्ष आधार पर 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो जुलाई माह के दौरान राष्ट्रीय औसत 13 प्रतिशत वृद्धि से दोगुने से भी अधिक है।

इसी प्रकार, वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों (अप्रैल से जुलाई) में हरियाणा का पोस्ट-सेटलमेंट एसजीएसटी संग्रह 19,680 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 15,055 करोड़ रुपये था। इस दौरान राज्य ने 31 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की।

यह वृद्धि देश के सभी राज्यों में सर्वाधिक रही तथा राष्ट्रीय औसत 17 प्रतिशत वृद्धि से काफी अधिक है। इसके अलावा, जुलाई 2026 के दौरान हरियाणा ने कुल जीएसटी राजस्व संग्रह में भी 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जबकि राष्ट्रीय औसत वृद्धि 10 प्रतिशत रही। एसजीएसटी संग्रह में लगातार बनी यह तेज वृद्धि हरियाणा की मजबूत वित्तीय स्थिति तथा राज्य सरकार द्वारा राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए अपनाए गए प्रभावी और केंद्रित प्रयासों को दर्शाती है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

Our Visitor

4 5 4 1 7 9
Total Users : 454179
Total views : 718982

शहर चुनें