November 15, 2026 3:53 am

November 15, 2026 3:53 am

5 नवम्बर को अंबाला में अमित शाह करेंगे 1857 के शहीद स्मारक का लोकार्पण, 800 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है निर्माण

22 एकड़ में तैयार स्मारक में 700 से अधिक वीर बलिदानियों के नाम स्वर्णिम अक्षरों में होंगे अंकित, 360 डिग्री प्रोजेक्शन और लेजर-साउंड शो के जरिये दिखाई जाएगी प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की गाथा

बाबूगिरी न्यूज़
अंबाला, 4 नवंबर। अंबाला के इतिहास में 5 नवंबर का दिन एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में जुड़ने जा रहा है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह कल (गुरुवार) अंबाला छावनी में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीर बलिदानियों की स्मृति में बनाए गए भव्य शहीद स्मारक का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह अंबाला के गांधी ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री असीम गोयल ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
असीम गोयल ने कहा कि यह आयोजन केवल एक स्मारक के लोकार्पण तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले उन ज्ञात-अज्ञात वीरों के प्रति राष्ट्रीय कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिनके योगदान को इतिहास में अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई। उन्होंने कहा कि अंबाला की धरती का 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में विशेष महत्व रहा है। अंबाला छावनी और आसपास के क्षेत्रों में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष में सैनिकों और क्रांतिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उन्होंने बताया कि लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से करीब 22 एकड़ क्षेत्र में निर्मित यह शहीद स्मारक हरियाणा की ऐतिहासिक धरोहर के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा। स्मारक में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े 700 से अधिक वीर बलिदानियों के नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित किए गए हैं। यह स्मारक उन वीरों के त्याग, संघर्ष और साहस को सम्मान देने का माध्यम बनेगा, जिनकी कुर्बानियों के कारण देश को आजादी मिली।

आधुनिक तकनीक से जीवंत होगी 1857 के संग्राम की वीरगाथा
असीम गोयल ने बताया कि शहीद स्मारक की एक प्रमुख विशेषता यहां इस्तेमाल की गई आधुनिक तकनीक होगी। डिजिटल प्रस्तुतियों, 360 डिग्री प्रोजेक्शन और लेजर एवं ध्वनि प्रदर्शन के माध्यम से 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की घटनाओं और वीरों की गाथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन तकनीकी प्रस्तुतियों के माध्यम से युवा पीढ़ी स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को केवल पुस्तकों में पढ़ेगी ही नहीं, बल्कि उसे दृश्य और ध्वनि के माध्यम से समझने का अवसर भी मिलेगा। यह स्मारक विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, इतिहास प्रेमियों और पर्यटकों के लिए शिक्षा एवं प्रेरणा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण और स्वतंत्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात नायकों को सम्मान देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अंबाला का यह शहीद स्मारक भी इसी प्रयास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में योगदान देने वाला प्रत्येक वीर सम्मान और स्मरण का अधिकारी है।

गांधी ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे अमित शाह
शहीद स्मारक के लोकार्पण के बाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह अंबाला के गांधी ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
असीम गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री अनिल विज और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता अंबाला पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुकी हैं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।
आयोजन को सफल बनाने के लिए पार्टी संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित सरकारी विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आमजन की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
असीम गोयल ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन की ओर से जारी यातायात और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा इस ऐतिहासिक आयोजन में भागीदारी करें।

पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा
असीम गोयल ने कहा कि शहीद स्मारक भविष्य में अंबाला के पर्यटन विकास का एक प्रमुख केंद्र बन सकता है। देशभर से विद्यार्थी, इतिहासकार, शोधकर्ता और पर्यटक यहां पहुंचेंगे। इससे अंबाला में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम के वास्तविक इतिहास और वीर बलिदानियों के योगदान से परिचित कराएगा। आजादी के संघर्ष में जिन लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उनकी गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
पूर्व मंत्री ने प्रदेश के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से 5 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंबाला की धरती पर तैयार यह स्मारक आने वाले वर्षों में देश की स्वतंत्रता, शहीदों के सम्मान और राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख प्रवीन आत्रेय, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक अशोक छाबड़ा, जिला मीडिया प्रभारी साहिल कक्कड़ और अर्पित अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 2 3 5
Total Users : 454235
Total views : 719054

शहर चुनें