November 14, 2026 11:57 pm

November 14, 2026 11:57 pm

चंडीगढ़ में हेरिटेज मैनहोल कवर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चार कवर बरामद

पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी की पहल पर पुलिस ने की कार्रवाई, नगर निगम कर्मचारियों जैसी जैकेट पहनकर देते थे वारदात को अंजाम

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 11 नवंबर। चंडीगढ़ के सेक्टर-45 और 46 में हेरिटेज सीवरेज मैनहोल कवर और सार्वजनिक बेंचों की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल था। शहर की ऐतिहासिक पहचान से जुड़ी इस बहुमूल्य सार्वजनिक संपत्ति को निशाना बनाने वाले दो आरोपियों को आखिरकार चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार हेरिटेज मैनहोल कवर और एक चोरी की एक्टिवा बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद वार्ड नंबर-34 के पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने चंडीगढ़ पुलिस का आभार जताते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
बुड़ैल पुलिस चौकी की टीम ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहाली के फेज-11 निवासी 24 वर्षीय राजा राम और चंडीगढ़ के अटावा निवासी 32 वर्षीय मुकेश के रूप में की है। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, शराब की लत और आर्थिक तंगी के चलते आरोपियों ने पहले एक्टिवा चोरी की और फिर हेरिटेज मैनहोल कवर को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
नगर निगम कर्मचारियों का रूप धरकर करते थे चोरी
इस मामले में आरोपियों का चोरी करने का तरीका भी चौंकाने वाला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने से बचने के लिए दोनों नगर निगम कर्मचारियों जैसी जैकेट पहनकर चोरी की एक्टिवा पर इलाके में घूमते थे। दिन के उजाले में भी लोग उन्हें सरकारी कर्मचारी समझ लेते थे और मानते थे कि सीवर की मरम्मत का काम चल रहा है। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी बिना किसी का ध्यान आकर्षित किए मैनहोल कवर उठा ले जाते थे।

सीसीटीवी फुटेज से मिली आरोपियों तक पहुंचने में मदद
सेक्टर-45 और 46 में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने गंभीरता से लेते हुए पुलिस के संज्ञान में मामला लाया था। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज किए। इसी दौरान पुलिस टीम ने गश्त के दौरान सेक्टर-46 के जंगल क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, इलाके से अब तक आठ से अधिक मैनहोल कवर गायब होने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और इसमें शामिल दूसरे लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी किए गए बाकी मैनहोल कवर कहां ले जाए गए और उन्हें किसे बेचने की योजना थी।

लाखों की ऐतिहासिक विरासत को कबाड़ में बेचने की थी तैयारी
इस पूरे मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि जिन हेरिटेज मैनहोल कवर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये की कीमत और ऐतिहासिक अहमियत है, आरोपी उनकी वास्तविक महत्ता से अनजान थे। चंडीगढ़ की वास्तुकला और ऐतिहासिक पहचान से जुड़े इन मैनहोल कवर की विदेशों में भी काफी मांग रही है। लंदन के सोथबी और पेरिस के आर्टक्यूरियल जैसे प्रतिष्ठित नीलामी घरों में चंडीगढ़ के ऐसे हेरिटेज मैनहोल कवर 11 से 17 लाख रुपये तक में नीलाम हो चुके हैं।
इसके बावजूद आरोपी इन्हें कबाड़ में लोहे के भाव बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सेक्टर-46 के जंगल में गैती की मदद से करीब 75 से 80 किलोग्राम वजनी मैनहोल कवर को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके।

पार्षद ने पुलिस का जताया आभार, गश्त बढ़ाने की मांग
पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के मैनहोल कवर बरामद होने पर चंडीगढ़ पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि हेरिटेज मैनहोल कवर और सार्वजनिक बेंचों की चोरी केवल सामान्य चोरी का मामला नहीं है, बल्कि यह शहर की ऐतिहासिक विरासत और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा कि सेक्टर-45 और 46 में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय निवासी चिंतित थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को पकड़ना राहत की बात है, लेकिन ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना भी जरूरी है। इसके लिए उन्होंने सेक्टर-45, सेक्टर-46 और अन्य संवेदनशील इलाकों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
यह मामला एक बार फिर चंडीगढ़ की ऐतिहासिक विरासत की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता है। लाखों रुपये की अंतरराष्ट्रीय कीमत रखने वाली धरोहर को स्थानीय स्तर पर कबाड़ समझकर चोरी करने की कोशिश बताती है कि ऐसी बेशकीमती सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जरूरत है।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 2 0 0
Total Users : 454200
Total views : 719012

शहर चुनें