November 14, 2026 9:50 pm

November 14, 2026 9:50 pm

चंडीगढ़ में पहली बार होगी सीनियर नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप, मार्च 2027 में होगा आयोजन

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने 39वीं चंडीगढ़ राज्य टेबल टेनिस चैंपियनशिप के समापन समारोह में की शिरकत, आयोजन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 13 नवंबर। चंडीगढ़ को पहली बार सीनियर नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप की मेजबानी मिली है। 88वीं सीनियर नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 का आयोजन मार्च 2027 में सेक्टर-50 स्थित टेबल टेनिस हॉल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रस्तावित है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से आवश्यक बुनियादी सुविधाएं और अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने इसके लिए चंडीगढ़ टेबल टेनिस एसोसिएशन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।
राज्यपाल शुक्रवार को सेक्टर-50 डी स्थित टेबल टेनिस हॉल में आयोजित 39वीं यूटीटी चंडीगढ़ राज्य टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए और चंडीगढ़ की उभरती खेल प्रतिभाओं की सराहना की।


22 स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
चैंपियनशिप में लड़कों और लड़कियों के अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में कुल 22 स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें चंडीगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए कटारिया ने चंडीगढ़ टेबल टेनिस एसोसिएशन को लगातार 39वें वर्ष इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता भी विकसित होती है।
उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं। खिलाड़ियों को दोनों परिस्थितियों से सीख लेकर अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार मेहनत करनी चाहिए।

खेल नीति के तहत 36 करोड़ रुपये की सहायता
राज्यपाल ने चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति और नकद पुरस्कारों के माध्यम से लगभग 36 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और बच्चों को कम उम्र से ही खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ओलंपिक वैल्यूज एजुकेशन प्रोग्राम के तहत चंडीगढ़ के 108 सरकारी स्कूलों के लगभग 41,750 विद्यार्थी स्कूल वॉलीबॉल कार्यक्रम से लाभान्वित हो रहे हैं।

नशे से दूर रहकर खेलों को बनाएं जीवन का हिस्सा
कटारिया ने युवा खिलाड़ियों से नशे से दूर रहने और खेलों तथा शारीरिक व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि चंडीगढ़ की युवा प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर और देश का नाम रोशन करेंगी।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 20 से 24 टेबलों की जरूरत
इस अवसर पर चंडीगढ़ टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने जानकारी दी कि चंडीगढ़ को 88वीं सीनियर नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 की मेजबानी सौंपी गई है। इसका आयोजन मार्च 2027 में सेक्टर-50 डी के टेबल टेनिस हॉल में प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता पहली बार चंडीगढ़ में आयोजित होगी। इसके लिए आयोजन स्थल पर 20 से 24 टेबल टेनिस टेबलों की व्यवस्था आवश्यक होगी। राज्यपाल ने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि प्रतियोगिता के आयोजन में किसी प्रकार की बुनियादी सुविधा की कमी नहीं आने दी जाएगी और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन पूरा सहयोग करेगा।
समारोह में यूटी चंडीगढ़ के मुख्य अभियंता सीबी ओझा, संयुक्त निदेशक खेल डॉ. महेंद्र सिंह तथा चंडीगढ़ टेबल टेनिस एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 1 3 7
Total Users : 454137
Total views : 718908

शहर चुनें