दिल्ली। अगर आप अपने पुराने जीमेल आईडी एड्रेस से खुश नहीं हैं और अब उसे बदलना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। गूगल ने एक नया फीचर शुरू किया है, जिसके जरिए यूज़र्स बिना Google अकाउंट डिलीट किए ही अपना @gmail.com ईमेल एड्रेस बदल सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए नया अकाउंट बनाने की भी जरूरत नहीं होगी।
अब तक क्यों थी परेशानी
अब तक जीमेल यूज़र्स के लिए ईमेल आईडी बदलना लगभग नामुमकिन था। अगर किसी ने बचपन में या मज़ाकिया यूज़रनेम से अकाउंट बना लिया था, तो उसे बदलने का एकमात्र तरीका नया अकाउंट बनाना या पुराने अकाउंट को छोड़ना ही था। हालांकि, जिन यूज़र्स का Google अकाउंट किसी थर्ड-पार्टी ईमेल से जुड़ा था, उन्हें यह सुविधा पहले से मिल रही थी, लेकिन @gmail.com यूज़र्स के लिए यह विकल्प पहली बार आया है।
धीरे-धीरे हो रहा है रोलआउट
गूगल ने इस फीचर का रोलआउट पिछले साल के अंत में शुरू किया था। शुरुआत में यह कुछ सीमित भाषाओं में उपलब्ध था, लेकिन अब इसे आधिकारिक तौर पर इंग्लिश सपोर्ट पेज पर भी शामिल कर लिया गया है। हाल के हफ्तों में इसका रोलआउट तेज हुआ है और भारत में भी कई यूज़र्स को यह ऑप्शन दिखने लगा है।
पुराना ईमेल रहेगा एक्टिव
इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि जीमेल एड्रेस बदलने के बाद भी आपका पुराना ईमेल पूरी तरह खत्म नहीं होगा। गूगल पुराने ईमेल एड्रेस को एलियस (Alias) के रूप में रखेगा। यानी अगर कोई व्यक्ति आपके पुराने ईमेल पते पर मेल भेजता है, तो वह मेल भी नए ईमेल के साथ उसी अकाउंट में पहुंच जाएगा। इससे आपका कोई जरूरी ईमेल मिस नहीं होगा।
कैसे बदलें अपना @gmail.com ईमेल एड्रेस
सबसे पहले मोबाइल या डेस्कटॉप पर Google Account – My Account सेक्शन में जाएं।
बाईं ओर दिए गए मेनू में Personal Info पर क्लिक करें।
Email कार्ड पर टैप करें।
Google Account Email के अंदर Change your Google Account email address का ऑप्शन चुनें।
अब अपना नया यूज़रनेम डालें।
ईमेल एड्रेस बदलने की पुष्टि करें।
इसके बाद आपका नया जीमेल एड्रेस एक्टिव हो जाएगा।
जान लें गूगल की लिमिट्स
गूगल ने इस फीचर के साथ कुछ सीमाएं भी तय की हैं। यूज़र 12 महीनों में सिर्फ एक बार ही जीमेल एड्रेस बदल सकता है और कुल मिलाकर यह प्रक्रिया सिर्फ तीन बार की जा सकती है। इसलिए नया यूज़रनेम चुनते समय सोच-समझकर फैसला लेने की सलाह दी गई है।
छोटे बदलाव दिख सकते हैं
जीमेल एड्रेस बदलने के बाद कुछ छोटे-मोटे बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जैसे जीमेल का बैकग्राउंड रीसेट होना या चैट टैब का गायब दिखना। गूगल के मुताबिक यह सामान्य प्रक्रिया है और इन सेटिंग्स को बाद में दोबारा सेट किया जा सकता है।
अगर ऑप्शन न दिखे तो क्या करें
अगर आपके अकाउंट में अभी यह ऑप्शन नजर नहीं आ रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। गूगल का कहना है कि यह नया फीचर धीरे-धीरे सभी यूज़र्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।











Total Users : 291335
Total views : 493631