June 21, 2026 1:30 pm

June 21, 2026 1:30 pm

गणतंत्र दिवस से पहले पंचकूला पुलिस अलर्ट, जिलेभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

पंचकूला, 19 जनवरी: गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र पंचकूला जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राष्ट्रीय पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलेभर में व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में निगरानी और गश्त को और अधिक सख्त कर दिया गया है।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने सभी एसीपी, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा क्राइम ब्रांच के इंचार्ज को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, बस स्टैंड, होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, गेस्ट हाउस और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड, जहां गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित होना है, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं।

डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर रोक लगाने के लिए जिले में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। एंटी-सबोटाज टीम, डॉग स्क्वॉड और विशेष पुलिस दलों की मदद से संदिग्ध स्थानों की नियमित जांच की जा रही है। जिले में प्रवेश करने वाले वाहनों की भी गहन चैकिंग की जा रही है। इसके अलावा रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है और पीसीआर, राइडर व ईआरवी यूनिट्स को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है कि किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु को न छुएं और तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दें। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। वहीं जिले के क्लब, होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस कमिश्नर पंचकूला का बयान:
“गणतंत्र दिवस हमारे लिए गर्व और सम्मान का पर्व है। पंचकूला पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ जिले की सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए है। किसी भी प्रकार की अफवाह, संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिक सतर्क रहें, पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाया जा सके।”

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 0 5 2
Total Users : 349052
Total views : 576323

शहर चुनें