September 24, 2026 8:10 am

September 24, 2026 8:10 am

चंडीगढ़ पुलिस ने गणतंत्र दिवस से पहले की मॉक ड्रिल, लेक क्लब सेक्टर-1 में परखी सुरक्षा तैयारियां

चंडीगढ़, 24 जनवरी 2026: गणतंत्र दिवस-2026 के मद्देनज़र यूटी चंडीगढ़ की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। यह मॉक ड्रिल एसपी/ऑपरेशंस  गीतांजलि खंडेलवाल (IPS) के निर्देशन एवं डीएसपी/ऑपरेशंस  विकास श्योकंद की निगरानी में लेक क्लब, सेक्टर-1 चंडीगढ़ में कराई गई।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य चंडीगढ़ पुलिस और चंडीगढ़ प्रशासन की विभिन्न आपातकालीन सेवाओं के बीच आपसी समन्वय, तत्परता और प्रतिक्रिया क्षमता की जांच करना था। अभ्यास के दौरान लेक क्लब क्षेत्र को ऑपरेशन सेल के कमांडोज़ द्वारा घेराबंदी कर खाली कराया गया।
इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल की HIT टीमों, बम डिटेक्शन स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड द्वारा संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सर्च के दौरान लेक क्लब के ओपन पार्किंग एरिया में एक फूलदान के पास रखे गए डमी बम को सफलतापूर्वक खोज निकाला गया।
मॉक ड्रिल के दौरान क्विक रिएक्शन टीम (QRT), पीसीआर वाहन, जीएमएसएच-16 से एंबुलेंस, पुलिस अस्पताल सेक्टर-26 की एंबुलेंस, डायल-112, फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस, मोबाइल फोरेंसिक टीम और थाना सेक्टर-03 की स्थानीय पुलिस टीम मौके पर तुरंत पहुंची।
पूरे लेक क्लब क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया गया, हालांकि कोई अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बरामद किए गए डमी बम को सुरक्षित रूप से सैंड बैग ट्रक के माध्यम से पुलिस लाइंस, सेक्टर-26 के खुले मैदान में ले जाया गया, जहां उसे पीसीआर वाहनों की पायलट और एस्कॉर्ट व्यवस्था के बीच निष्क्रिय (डिफ्यूज) किया गया।
चंडीगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की मॉक ड्रिल्स का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी एजेंसियों की तैयारी को परखना और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 8 9 1 9
Total Users : 418919
Total views : 670773

शहर चुनें