August 29, 2026 1:41 am

August 29, 2026 1:41 am

बांग्लादेश–पाकिस्तान के बीच सीधी उड़ानों की बहाली, एक दशक बाद हवाई संपर्क को नई रफ्तार

ढाका/इस्लामाबाद। बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से बंद पड़ी सीधी हवाई सेवाओं को फिर से शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। दोनों देशों के बीच डायरेक्ट फ्लाइट दोबारा शुरू करने की योजना की घोषणा सबसे पहले पिछले वर्ष अगस्त में की गई थी, जब पाकिस्तान के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर और विदेश मंत्री इसहाक डार आधिकारिक दौरे पर ढाका पहुंचे थे। यह दौरा इसलिए भी ऐतिहासिक माना गया, क्योंकि एक दशक से अधिक समय के बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच किसी उच्चस्तरीय नेता की यह पहली यात्रा थी।
अधिकारियों के अनुसार, अब पाकिस्तान सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAA) से औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद इस योजना को अमलीजामा पहनाया गया है। पाकिस्तान की विमानन नियामक संस्था ने बांग्लादेश की राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस को इस रूट पर उड़ान संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही पाकिस्तानी एयरस्पेस के भीतर निर्धारित एयर कॉरिडोर के इस्तेमाल को भी हरी झंडी दे दी गई है, जिससे उड़ानों के संचालन में कोई तकनीकी या कानूनी बाधा नहीं रहेगी।
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती चरण में सीमित संख्या में उड़ानें संचालित की जाएंगी, जिनकी संख्या यात्रियों की मांग और व्यावसायिक व्यवहार्यता के आधार पर आगे बढ़ाई जा सकती है। डायरेक्ट फ्लाइट शुरू होने से दोनों देशों के बीच यात्रा का समय घटेगा और ट्रांजिट फ्लाइट्स पर निर्भरता भी कम होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि सीधी उड़ानों की बहाली से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और कारोबारी प्रतिनिधिमंडलों, छात्रों, पर्यटकों तथा पारिवारिक यात्राओं के लिए आवागमन आसान होगा। इसके अलावा, यह कदम दोनों देशों के बीच रिश्तों को सामान्य बनाने और आपसी विश्वास को मजबूत करने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में राजनीतिक और कूटनीतिक कारणों से बांग्लादेश–पाकिस्तान के बीच सीधी हवाई सेवाएं बंद रहीं, जिससे यात्रियों को तीसरे देशों के माध्यम से सफर करना पड़ता था। अब इस फैसले के बाद उम्मीद की जा रही है कि दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ेगा और द्विपक्षीय संबंधों में नई सकारात्मकता आएगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 0 7 1
Total Users : 400071
Total views : 645601

शहर चुनें