October 12, 2026 12:34 pm

October 12, 2026 12:34 pm

टेंट पेगिंग वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स जॉर्डन-2026 में भारत की ऐतिहासिक कामयाबी, हरियाणा पुलिस के जवान ने बढ़ाया देश का मान

एएसआई जितेंद्र कुमार अहलावत की अहम भूमिका, टीम स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन से भारत वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई
चंडीगढ़ | 1 फरवरी 2026: भारत ने अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए टेंट पेगिंग वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स–2026 (जॉर्डन) में शानदार प्रदर्शन कर आगामी नवंबर माह में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है। इस ऐतिहासिक सफलता में हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र कुमार अहलावत की भूमिका बेहद अहम रही, जिन्होंने भारतीय टीम के सदस्य के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के साथ-साथ पुलिस विभाग का नाम भी रोशन किया।
प्रतियोगिता के दौरान भारतीय टेंट पेगिंग टीम ने बेहतरीन तालमेल, तकनीकी कौशल और अनुशासन का परिचय देते हुए इतिहास रच दिया। भारतीय टीम ने टीम स्पर्धाओं में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। इसके अलावा व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ियों ने सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश की झोली में कई पदक डाले। समग्र प्रदर्शन के आधार पर भारत ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में ओवरऑल ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि में एएसआई जितेंद्र कुमार अहलावत का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। वे प्रतियोगिता की तीनों टीम स्पर्धाओं का हिस्सा रहे और भारतीय टीम को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में उनकी भूमिका निर्णायक रही। उनके प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि हरियाणा पुलिस के जवान खेलों के क्षेत्र में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट क्षमता रखते हैं।
इस ऐतिहासिक सफलता पर हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने भारतीय टीम और एएसआई जितेंद्र कुमार अहलावत को हार्दिक बधाई दी। डीजीपी ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे हरियाणा प्रदेश और पुलिस बल के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि एएसआई जितेंद्र कुमार अहलावत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर यह सिद्ध कर दिया है कि हरियाणा पुलिस के जवान कानून-व्यवस्था के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी देश का मान बढ़ाने में सक्षम हैं।
डीजीपी अजय सिंघल ने आशा व्यक्त की कि यह सफलता पुलिस बल के अन्य अधिकारियों और जवानों को भी खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने जवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां युवाओं में खेलों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करती हैं।
इस अवसर पर डीजीपी ने ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) संदीप सिंह कश्यप, कंसल्टेंट के-9 एवं माउंटेड पुलिस को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीम के प्रशिक्षण, तैयारी और समग्र प्रदर्शन में उनका योगदान सराहनीय रहा है। डीजीपी ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार की मेहनत और समर्पण से भारतीय टीम नई ऊंचाइयों को छुएगी।
डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि भारतीय टेंट पेगिंग टीम के प्रदर्शन में सुधार के लिए पिछले कुछ वर्षों में कई प्रभावी और व्यावहारिक कदम उठाए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण, तकनीकी इनपुट, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खिलाड़ियों की अथक मेहनत का ही परिणाम है कि टीम ने वैश्विक स्तर पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों के समर्पण और परिश्रम की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय टेंट पेगिंग टीम आने वाले समय में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ और बेहतर प्रदर्शन करेगी तथा देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर और ऊंचा करेगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 4 4
Total Users : 429144
Total views : 684350

शहर चुनें