April 6, 2026 5:22 am

April 6, 2026 5:22 am

पंचकूला में समर्पण दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को दी श्रद्धांजलि

हरियाणा सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन पर चलते हुए गरीब से गरीब व्यक्ति तक पहुँचा रही है विकास का लाभ – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

राजनीति सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है – मुख्यमंत्री

गरीब कल्याण केंद्रित योजनाओं से हरियाणा बना सामाजिक सुरक्षा में अग्रणी राज्य
चंडीगढ़, 11 फरवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास की रोशनी अंतिम छोर तक पहुँचे और कोई भी नागरिक पीछे न छूटे।
मुख्यमंत्री पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित समर्पण दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर देशभर में समर्पण दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन याद दिलाता है कि राजनीति सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। वे ऐसे विचारक और राजनेता थे, जिन्हें सत्ता का मोह नहीं था, फिर भी वे लोगों के दिलों पर राज करते थे। उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रसेवा को सर्वोपरि माना।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय जीवन-दर्शन, संस्कृति और सामाजिक ताने-बाने के अनुरूप एकात्म मानववाद और अंत्योदय जैसे कालजयी सिद्धांत दिए। उनका मानना था कि समाज की प्रगति का आकलन अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की स्थिति से होना चाहिए। जब तक अंतिम व्यक्ति सशक्त नहीं होगा, तब तक राष्ट्र सशक्त नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भी अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को साकार कर रही है। गरीबों को आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस, बिजली, शुद्ध पेयजल और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन जैसी योजनाएं इसी सोच का परिणाम हैं।
हरियाणा सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 41 लाख गरीब परिवारों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 14.50 लाख परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 1.56 लाख मकान दिए जा चुके हैं, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 27 हजार से अधिक गरीब परिवारों को प्लॉट आवंटित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत अनुसूचित जाति, विमुक्त जाति और टपरीवास समुदाय के 76,985 लाभार्थियों को मकान मरम्मत के लिए 416 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत 27 लाख से अधिक लोगों का करीब 4,000 करोड़ रुपये की लागत से मुफ्त इलाज किया गया है। सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवा शुरू की गई है। थैलेसीमिया और हीमोफीलिया रोगियों को 3,000 रुपये मासिक सहायता दी जा रही है।
महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,100 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। अब तक 9.22 लाख से अधिक महिलाओं को 634 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश में सर्वाधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने वाला पहला राज्य है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 71 हजार रुपये तक की सहायता दी जाती है। शिक्षा के क्षेत्र में 1.80 लाख रुपये तक आय वाले परिवारों के विद्यार्थियों को 12वीं तक मुफ्त किताबें, वर्दी और लेखन सामग्री दी जा रही है, जबकि कॉलेज और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाली बेटियों से फीस नहीं ली जाती।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को अपने आचरण और कार्यों में अपनाएं। राष्ट्र सेवा, समाज सेवा और अंत्योदय के मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल, कार्यक्रम संयोजक अमरेंद्र, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 4 8
Total Users : 291348
Total views : 493645

शहर चुनें