गुजरात से दो आरोपी गिरफ्तार, फर्जी मुनाफे का लालच देकर की गई थी ठगी
पंचकूला | 11 फरवरी। पंचकूला के थाना साइबर क्राइम सेक्टर-20 पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर 10 लाख 81 हजार 285 रुपये की ठगी करने वाले एक साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गुजरात के सूरत से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पिंजौर निवासी शिकायतकर्ता ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात लोगों ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया। आरोपियों ने चरणबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 10,81,285 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर उन्हें लाभ होने का झूठा भरोसा दिलाया गया और गुमराह किया गया।
शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम सेक्टर-20 पंचकूला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि ठगी की रकम सूरत (गुजरात) की एक बैंक शाखा में जमा हुई थी। बैंक रिकॉर्ड खंगालने पर खाते का धारक पटेल नीरव कुमार निवासी सूरत पाया गया। आगे की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि उक्त खाते का इस्तेमाल उसका मित्र पटेल क्रिति कुमार कर रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को नोटिस देकर जांच में शामिल किया और पर्याप्त सबूत मिलने के बाद 2 फरवरी को उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया। 8 दिन के पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर उनके रिहायशी पते से 10-10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों के अन्य साथियों व पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है, ताकि साइबर ठगी के इस गिरोह का पूरी तरह से खुलासा किया जा सके।
पंचकूला साइबर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग या निवेश के नाम पर आने वाले अनजान कॉल, व्हाट्सएप ग्रुप या संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।











Total Users : 291343
Total views : 493639