April 6, 2026 8:32 am

April 6, 2026 8:32 am

योग्य युवाओं की भर्ती नहीं, CAPFs में करीब एक लाख पद खाली: सुरजेवाला ने सरकार पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) में बड़ी संख्या में खाली पदों और आधुनिकीकरण बजट में कटौती को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किए गए अपने बयान में सुरजेवाला ने कहा कि सरकार एक ओर आंतरिक सुरक्षा पर बड़ी-बड़ी बातें करती है, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा एजेंसियों में खाली पद भरने से कतराती नजर आ रही है।
सुरजेवाला ने बताया कि संसद में उनके द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में यह तथ्य सामने आए हैं कि देश की सीमा सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा, एयरपोर्ट सुरक्षा, संसद की सुरक्षा और नक्सल ऑपरेशनों की जिम्मेदारी संभालने वाले CAPFs में कुल 93,139 पद खाली हैं, जिससे लगभग एक लाख योग्य युवा रोजगार से वंचित हैं।
उन्होंने बलवार खाली पदों का ब्योरा साझा करते हुए कहा—
सीआईएसएफ: 28,342 पद
सीआरपीएफ: 27,400 पद
बीएसएफ: 14,531 पद
आईटीबीपी: 12,333 पद
एसएसबी: 6,784 पद
असम राइफल्स: 3,749 पद
सुरजेवाला ने सवाल उठाया कि क्या देश में योग्य युवाओं की कमी है, या फिर सरकार ही भर्ती नहीं करना चाहती?

आधुनिकीकरण बजट पर भी सवाल
कांग्रेस नेता ने CAPFs के आधुनिकीकरण बजट में लगातार कटौती का जिक्र करते हुए कहा कि यह सुरक्षा के प्रति सरकार की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनके मुताबिक—
2021-22: ₹281 करोड़
2022-23: ₹248 करोड़
2023-24: ₹202 करोड़
2024-25: ₹181 करोड़
उन्होंने कहा कि चार वर्षों तक बजट में लगातार गिरावट दर्ज की गई, जबकि 2025-26 में इसे बढ़ाकर ₹352 करोड़ कर दिया गया। सुरजेवाला ने पूछा कि जब चार साल तक बजट घटाया गया, तो अब अचानक बढ़ोतरी क्यों की गई, और क्या यह बढ़ोतरी पर्याप्त है जब देश की सुरक्षा में 10 लाख से अधिक जवान तैनात हैं?

उन्होंने आगे सवाल उठाए कि क्या इस बजट से आधुनिक हथियार खरीदे जा सकेंगे, क्या बॉर्डर टेक्नोलॉजी में सुधार होगा और क्या जवानों की सुविधाएं बेहतर होंगी, या फिर यह भी सिर्फ “बजट का इवेंट मैनेजमेंट” बनकर रह जाएगा।
सुरजेवाला ने कहा कि एक तरफ 93 हजार से ज्यादा पद खाली हैं और दूसरी तरफ आधुनिकीकरण बजट में कटौती का लंबा दौर चला है। ऐसे में देश जानना चाहता है कि सुरक्षा बलों को पर्याप्त संसाधन कब मिलेंगे और योग्य युवाओं को रोजगार कब दिया जाएगा।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 4 3 3
Total Users : 291433
Total views : 493777

शहर चुनें