May 23, 2026 9:18 pm

May 23, 2026 9:18 pm

क्रेडिट कार्ड के नाम पर 12.20 लाख की साइबर ठगी का खुलासा;

साइबर क्राइम पुलिस का बड़ा एक्शन, गिरोह का भंडाफोड़ — तीसरा आरोपी गिरफ्तार
पंचकूला | 16 फरवरी 2026। थाना साइबर क्राइम, सेक्टर-20 पंचकूला की टीम ने क्रेडिट कार्ड जारी करने का झांसा देकर एक बुजुर्ग से करीब 12.20 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो आरोपी पहले ही न्यायिक हिरासत में हैं।

क्रेडिट कार्ड का लालच, गोपनीय जानकारी हासिल कर उड़ाए लाखों
शिकायतकर्ता (निवासी सेक्टर-4, पंचकूला) ने साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायत में बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का कर्मचारी बताकर क्रेडिट कार्ड जारी करने का प्रस्ताव दिया। फोन और व्हाट्सएप के जरिए बैंक खाता विवरण, डेबिट कार्ड, पिन व अन्य गोपनीय जानकारियां हासिल कर आरोपियों ने कई ट्रांजैक्शनों के माध्यम से उनके खातों से 12.20 लाख रुपये निकाल लिए।

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज कर पीएसआई हरजीत सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। जांच के दौरान I4C रिपोर्ट, बैंक रिकॉर्ड और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध खातों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दिल्ली और राजस्थान में कार्रवाई करते हुए पहले भोमा राम और उदा राम को काबू किया। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर तीसरे आरोपी विवेक कुमार गौतम को भी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

ATM कार्ड, चेकबुक, सिम और नकदी बरामद
आरोपियों के कब्जे से कई ATM कार्ड, विभिन्न बैंकों की चेकबुक, मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड और नकदी बरामद की गई है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों और बदले हुए पते के आधार पर बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करते थे।

जांच जारी, अन्य आरोपियों की तलाश
दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि एक आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की जांच जारी है।

साइबर पुलिस की अपील
किसी भी अज्ञात कॉल या संदेश पर बैंक खाता विवरण, OTP, कार्ड नंबर या पिन साझा न करें। संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें।

 

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 5 7 3
Total Users : 323573
Total views : 540293

शहर चुनें