पंचकूला। पंचकूला नगर निगम के महापौर कुलभूषण गोयल ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि जब उन्होंने महापौर पद की जिम्मेदारी संभाली थी, उस समय नगर निगम के पास लगभग 100 करोड़ रुपये थे, जबकि अब वे अपने कार्यकाल के अंत में 250 करोड़ रुपये की एफडीआर नगर निगम को सौंपकर जा रहे हैं। इसके अलावा सरकार से लगभग 40 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि बीते पांच वर्षों में नगर निगम के माध्यम से करीब 400 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि अपने पांच साल के कार्यकाल में 1030 से अधिक विकास कार्य पूरे किए गए, जिनकी कुल लागत लगभग 400 करोड़ रुपये रही। उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी इच्छा थी कि इस अवधि में पंचकूला नगर निगम का अपना स्थायी कार्यालय बने, लेकिन कानूनी अड़चनों के चलते यह संभव नहीं हो सका। इसके बावजूद पंचकूला ने विकास के हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की और जनता का भरपूर सहयोग मिला।
इस अवसर पर कुलभूषण गोयल ने अपने कार्यकाल पर आधारित 10 मिनट की एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रस्तुत की, जिसमें शहर में कराए गए प्रमुख विकास कार्यों को दर्शाया गया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन व्यवस्था रही, जिसके चलते शहर में कहीं भी कूड़ा जमा नहीं होने दिया गया। झूठीवाला और सेक्टर-23 में डाले जा रहे कूड़े का भी वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने महापौर के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में बेसहारा गायों को गौशालाओं में पहुंचाया गया, शहर के पार्कों में 20 करोड़ रुपये की लागत से लाइटें लगवाई गईं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में धर्मशालाओं, सामुदायिक केंद्रों और स्ट्रीट लाइटों का विकास कार्य कराया गया। उन्होंने कहा कि इतने व्यापक कार्यों को केवल 10 मिनट की डॉक्यूमेंट्री में समेट पाना संभव नहीं, इसके लिए कम से कम दो घंटे की प्रस्तुति चाहिए।
कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कुलभूषण गोयल को उनके सफल कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए कहा कि वे चाहती हैं कि उन्हें दूसरी पारी भी मिले, ताकि पंचकूला का विकास इसी गति से आगे बढ़ता रहे। उन्होंने कहा कि कुलभूषण गोयल के कार्य स्वयं इस बात का प्रमाण हैं कि वे विकास के प्रति कितने सजग और प्रतिबद्ध हैं।
हरियाणा भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया ने कहा कि कुलभूषण गोयल एक ईमानदार और निष्पक्ष महापौर रहे, जिन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से विकास कराया। उन्होंने सेक्टर-19 में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे रेलवे अंडरब्रिज और ओवरब्रिज को ऐतिहासिक कार्य बताया, जिसे पूर्व की सरकारों ने लंबे समय तक नजरअंदाज किया था। इसके साथ ही सेक्टर-19 के पुराने सामुदायिक केंद्र को तोड़कर नया केंद्र बनवाना भी एक सराहनीय कदम रहा।
प्रेस वार्ता में पार्षद जयकुमार कौशिक, नरेंद्र लुबाना, रितु गोयल, सोनिया सूद, ओमवती पूनिया, सुनीत सिंगला, सुशील गर्ग, राकेश कुमार, हरेंद्र मलिक, सोनू बिड़ला, सुरेश कुमार वर्मा सहित अन्य पार्षदों ने भी कुलभूषण गोयल के नेतृत्व पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि महापौर का कार्यकाल पूरी तरह बेदाग रहा और सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए गए।













Total Users : 311383
Total views : 523153