June 15, 2026 5:18 pm

June 15, 2026 5:18 pm

नागपुर फैक्ट्री ब्लास्ट: 17 की मौत, 18 घायल; सीएम ने जांच के आदेश दिए, मृतकों के परिजनों को 5 लाख मुआवजा

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कटोल तहसील स्थित राउलगांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। माइनिंग और इंडस्ट्रियल विस्फोटक बनाने वाली SBL एनर्जी लिमिटेड की फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में अधिकांश महिलाएं बताई जा रही हैं।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि जिस इमारत में विस्फोट हुआ, उसका मलबा और सामान 500 से 700 मीटर दूर तक जा गिरा। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर मौजूद रहे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और सरकार मृतकों के परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
सीएम फडणवीस ने घोषणा की कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। साथ ही संबंधित कंपनी द्वारा भी पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।
वहीं, राज्य के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 1 2 5
Total Users : 344125
Total views : 569513

शहर चुनें