बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 19 मई। बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, यूटी चंडीगढ़ ने लोगों के लिए पब्लिक हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से गर्मी के दौरान विशेष सावधानी बरतने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है ताकि लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
एडवाइजरी में कहा गया है कि लोग नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें, भले ही प्यास न लगे। यात्रा के दौरान अपने साथ पीने का पानी जरूर रखें। विभाग ने नींबू पानी, लस्सी, छाछ, जलजीरा, आम पन्ना और नारियल पानी जैसे प्राकृतिक पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। इसके अलावा तरबूज, खरबूजा, खीरा और संतरा जैसे पानी की अधिक मात्रा वाले मौसमी फल खाने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने और सिर को टोपी या छाते से ढककर रखने की सलाह दी है। घरों में दिन के समय खिड़कियां और पर्दे बंद रखने तथा रात में उन्हें खोलने की बात भी कही गई है।

एडवाइजरी में छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बाहर काम करने वाले मजदूरों और हृदय रोग या हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित लोगों को अधिक जोखिम वाला वर्ग बताया गया है। ऐसे लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
विभाग ने लोगों को शराब, चाय, कॉफी और अधिक शक्कर वाले पेय पदार्थों से बचने की सलाह देते हुए कहा है कि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। साथ ही बासी भोजन खाने और बच्चों या पालतू जानवरों को बंद वाहनों में छोड़ने से भी मना किया गया है।












Total Users : 323535
Total views : 540241