अब 06 दिसंबर तक 300 रूपये विलंब शुल्क के साथ कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
बाबूगिरी न्यूज़
भिवानी, 17 नवंबर, 2026: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ व सचिव श्री दीपक बाबूलाल करवा, भा.प्र.से. ने संयुक्त रूप से बताया कि हरियाणा मुक्त विद्यालय की सैकेंडरी एवं सीनियर सैकेंडरी परीक्षा मार्च-2027 के लिए फ्रेश श्रेणी के परीक्षार्थियों हेतु ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बिना विलंब शुल्क 31 अक्तूबर, 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 06 दिसंबर, 2026 कर दिया गया है। अत: ऐसे इच्छुक परीक्षार्थी, जो किसी कारणवश निर्धारित अवधि में अपना आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे अब 06 दिसंबर, 2026 तक 300 रूपये विलंब शुल्क के साथ हरियाणा मुक्त विद्यालय की सैकेंडरी/सीनियर सैकेंडरी परीक्षा मार्च-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। ऑनलाइन आवेदन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक परीक्षार्थी शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध संबंधित लिंक के माध्यम से निर्धारित समयावधि में आवेदन कर सकते हैं। परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करते समय अपने व्यक्तिगत विवरण, शैक्षणिक जानकारी एवं अन्य आवश्यक विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करें तथा आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने उपरांत उसकी पुष्टि अवश्य कर लें।
उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा यह अवसर परीक्षार्थियों की सुविधा एवं हितों को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया है। उन्होंने पात्र परीक्षार्थियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए निर्धारित समय से पहले अपना ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा अन्य असुविधा से बचा जा सके।













Total Users : 456805
Total views : 722593