November 18, 2026 1:14 am

November 18, 2026 1:14 am

गैंगवार के चलते हुई हत्या के मामले में STF रोहतक व झज्जर पुलिस की बड़ी कामयाबी, दो मुख्य शूटर गिरफ्तार

गांव ढाकला में घर में घुसकर की गई अंधाधुंध फायरिंग में एक व्यक्ति की हुई थी मौत, एक अन्य घायल

पुरानी आपसी रंजिश के चलते वारदात को दिया गया था अंजाम, STF रोहतक ने जांच के दौरान सुलझाया मामला

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 17 नवंबर। झज्जर के गांव ढाकला में गैंगवार के चलते हुई हत्या के मामले में STF रोहतक और झज्जर की टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में दो मुख्य शूटर आरोपियों को काबू किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल, झज्जर में भर्ती करवाया गया है।

घर में घुसकर की गई थी फायरिंग, उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत

मामले के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को गांव ढाकला निवासी विकास के मकान में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस घटना में विकास तथा बलराम, निवासी गांव ढाकला, गोली लगने से घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान बलराम की मृत्यु हो गई, जबकि विकास का उपचार जारी रहा। इस संबंध में थाना सदर झज्जर में अभियोग संख्या 289 दिनांक 12.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109, 332(A), 61 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(A) और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुरानी रंजिश के चलते रची गई थी वारदात की साजिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए STF रोहतक की टीम ने विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि वारदात को आपसी पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया था। पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए।

संयुक्त कार्रवाई में दो मुख्य शूटर काबू

इसी कड़ी में STF रोहतक टीम और झज्जर पुलिस ने 16/17 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि को संयुक्त कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद दो मुख्य शूटर आरोपियों सागर जून उर्फ भोलू पुत्र जोगिन्द्र, निवासी गांव नूना माजरा, थाना सदर झज्जर तथा पंकज पुत्र नरेश कुमार, निवासी गांव बराही, जिला झज्जर को झज्जर रोड स्थित गुड़ा फ्लाईओवर पर उत्तर प्रदेश नंबर की बोलेरो गाड़ी सहित काबू करने का प्रयास किया।

आरोपियों से की जा रही है पूछताछ, जांच जारी

पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के दौरान वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों, हत्या की साजिश तथा आपराधिक नेटवर्क से जुड़े पहलुओं का पता लगाया जाएगा। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।

डीजीपी अजय सिंघल ने STF रोहतक व झज्जर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई की सराहना की, संगठित अपराध और गैंगवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के दिए निर्देश

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने इस कार्रवाई में शामिल STF रोहतक एवं झज्जर पुलिस की टीमों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध, गैंगवार और आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक वारदात को अंजाम देकर कानून से बच निकलने की कोशिश करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना हरियाणा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 6 8 0 0
Total Users : 456800
Total views : 722588

शहर चुनें