चंडीगढ़: चंडीगढ़ नगर निगम में आज 29 जनवरी 2026 को मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए चुनाव होगा। यह चुनाव सुबह 11 बजे नगर निगम के असेंबली हॉल में आयोजित किया जाएगा। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि असेंबली हॉल में प्रवेश सुबह 10:45 बजे के बाद बंद कर दिया जाएगा।
इस बार का मेयर चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार चंडीगढ़ में मेयर का चुनाव बैलेट पेपर के बजाय हाथ उठाकर मतदान के जरिए कराया जाएगा, जिससे राजनीतिक सरगर्मियां और भी तेज हो गई हैं।
नगर निगम की मौजूदा स्थिति
चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 पार्षद हैं। इसके अलावा लोकसभा सांसद का एक अतिरिक्त वोट भी चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाता है। यही एक वोट कई बार सत्ता का संतुलन बदल देता है। मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी जरूर है, लेकिन स्पष्ट बहुमत न होने के कारण मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है।
कांटे की टक्कर
वर्तमान स्थिति में भाजपा के पास 18 पार्षद हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के पास 11 पार्षद और कांग्रेस के पास 6 पार्षद हैं। लोकसभा सांसद के एक वोट को जोड़ने पर कांग्रेस के खाते में कुल 7 वोट आते हैं।
अगर भाजपा अपने सभी वोटों को एकजुट रखने में सफल रहती है तो उसके पास कुल 18 वोट होंगे। वहीं आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अगर मिलकर मतदान करती हैं, तो उनके संयुक्त वोट भी 18 ही बनते हैं। ऐसे में मेयर की कुर्सी किसके हाथ लगेगी, यह पूरी तरह मतदान के वक्त की स्थिति पर निर्भर करेगा।
क्रॉस वोटिंग की आशंका
इस चुनाव में सबसे बड़ा सवाल क्रॉस वोटिंग को लेकर है। हाल के दिनों में कुछ ऐसे घटनाक्रम सामने आए हैं, जिनसे राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। गणतंत्र दिवस के एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी के कुछ पार्षदों की भाजपा नेताओं के साथ नजदीकियां कैमरे में कैद हुईं, जिसके बाद सियासी गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया।
जानकारों का मानना है कि अगर क्रॉस वोटिंग होती है, तो इसका सीधा फायदा भाजपा को मिल सकता है।
अब सभी की निगाहें आज होने वाले मतदान पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि चंडीगढ़ नगर निगम की कमान अगले एक साल के लिए किसके हाथ में जाएगी।











Total Users : 291346
Total views : 493642