August 29, 2026 1:39 am

August 29, 2026 1:39 am

HARYANA: निजी बस चालकों का अनिवार्य ड्राइविंग टेस्ट, हरियाणा परिवहन में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: अनिल विज

जल्द दौड़ेंगी 400 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें, रोडवेज होगा पूरी तरह स्मार्ट
चंडीगढ़, 30 जनवरी: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा है कि राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल बनाने के लिए सरकार निरंतर ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में विभिन्न योजनाओं के तहत संचालित की जाने वाली सभी निजी बसों के चालकों के लिए ड्राइविंग टेस्ट अनिवार्य किया जाएगा, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
अनिल विज ने यह भी घोषणा की कि हरियाणा में जल्द ही 400 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारी जाएंगी। इस दिशा में आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा देने से जहां पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी, वहीं ईंधन पर निर्भरता कम होने के साथ-साथ प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
ऊर्जा मंत्री शुक्रवार को सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि हरियाणा रोडवेज के बस बेड़े का चरणबद्ध विस्तार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके।
परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह स्मार्ट बनाने की दिशा में सरकार सभी रोडवेज बसों में अत्याधुनिक डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम स्थापित कर रही है। इससे यात्रियों को बसों की समय-सारिणी और लाइव लोकेशन की सटीक जानकारी मिल सकेगी। इसके साथ ही राज्य के सभी बस अड्डों पर एयरपोर्ट की तर्ज पर डिजिटल डिस्प्ले स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिन पर बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी प्रदर्शित होगी।
श्री विज ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप भी विकसित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से बसों की लाइव ट्रैकिंग संभव होगी। इससे यात्रियों को यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बसों के निर्धारित मार्गों से भटकने या समय पर बस अड्डे पर न पहुंचने की स्थिति में डिजिटल सिस्टम तुरंत अलर्ट देगा, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। इस पूरी प्रणाली की वह स्वयं नियमित निगरानी करेंगे।
ऊर्जा मंत्री ने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य हरियाणा की परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित, भरोसेमंद, किफायती और आधुनिक बनाना है, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुधारों से राज्य की परिवहन व्यवस्था एक नई दिशा में आगे बढ़ेगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 0 7 1
Total Users : 400071
Total views : 645601

शहर चुनें