जनता को त्वरित राहत देना सरकार की प्राथमिकता: ऊर्जा मंत्री अनिल विज
चंडीगढ़, 30 जनवरी। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि सिरसा में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में एजेंडे में शामिल 15 शिकायतों में से 11 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 4 शिकायतों को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
अवैध पेड़ कटाई पर सख्त कार्रवाई, आपराधिक केस दर्ज
बैठक के दौरान कालुआना गांव (सिरसा) में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई से संबंधित गंभीर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ऊर्जा मंत्री ने जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता और वन विभाग के डीएफओ को निलंबित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि गठित जांच समिति की रिपोर्ट में 31 पेड़ों की अतिरिक्त कटाई की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही अवैध कटाई में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के आदेश भी दिए गए हैं।
बिजली समस्याओं पर मौके पर निर्देश
सिरसा जिले में बिजली के तारों और मीटरों से जुड़ी समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए विज ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कांग्रेस पर तीखा हमला
मनरेगा का नाम बदले जाने को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री विज ने कहा कि कांग्रेस को योजना से नहीं बल्कि ‘विकास’ शब्द से ही आपत्ति है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 60 वर्षों से अधिक शासन किया, लेकिन देश में वास्तविक विकास नहीं कर पाई। कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि विकास की बात कांग्रेस के लिए “रेड रैग टू ए बुल” जैसी है।
राम मंदिर और राहुल गांधी पर टिप्पणी
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को भगवान श्रीराम से भी परेशानी रही, इसी कारण दशकों तक राम मंदिर का निर्माण नहीं हो सका। उन्होंने दावा किया कि मंदिर निर्माण के बाद भी राहुल गांधी अब तक वहां दर्शन के लिए नहीं गए हैं।
ब्रिजेंद्र सिंह की पदयात्रा पर व्यंग्य
पूर्व केंद्रीय मंत्री ब्रिजेंद्र सिंह की पदयात्रा पर टिप्पणी करते हुए श्री विज ने व्यंग्य में कहा कि शास्त्रों में उल्लेख है कि जीवन की सभी सीढ़ियां पार करने के बाद व्यक्ति भ्रमण पर निकलता है, शायद उसी परंपरा का पालन किया जा रहा है।
जीडीपी पर शशि थरूर के बयान का स्वागत
कांग्रेस नेता शशि थरूर द्वारा जीडीपी बढ़ने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह सच्चाई है कि देश की जीडीपी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक संकेत है कि कांग्रेस नेता भी अब इस तथ्य को स्वीकार कर रहे हैं और भारत जल्द ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।











Total Users : 291335
Total views : 493631