August 30, 2026 12:59 pm

August 30, 2026 12:59 pm

PANCHKULA: शिवालिक विकास मंच ने नगर निगम कमिश्नर से की मुलाकात, गरीबों को प्लॉट व मकान आवंटन की उठाई मांग

नगर निगम कमिश्नर आर.के. सिंह ने अधिकारियों को दिए तुरंत कार्रवाई के निर्देश
पंचकूला/पिंजौर, 5 जनवरी 2026। शिवालिक विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव विजय बंसल एडवोकेट के नेतृत्व में मंच का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को नगर निगम पंचकूला के कमिश्नर आर.के. सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर महात्मा गांधी आवास योजना के तहत गरीबों एवं अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट आवंटित करने तथा पिंजौर में आदर्श प्रदर्शन आवासीय योजना के अंतर्गत बनाए गए 24 मकानों को शीघ्र गरीबों को देने की मांग की।
ज्ञापन प्राप्त करते ही नगर निगम कमिश्नर आर.के. सिंह ने संबंधित अधिकारियों को मामले में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विजय बंसल के साथ पूर्व पार्षद सलीम दबकोरी, पूर्व पार्षद पंकज, बिशन सिंह, अमन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि इससे पूर्व नवंबर माह में शिवालिक विकास मंच द्वारा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल को भी इसी मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय मंत्री विपुल गोयल ने नगर निगम कमिश्नर को फोन कर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया।
उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल 2024 को महानिदेशक, शहरी विकास प्राधिकरण हरियाणा को भी इस संबंध में ज्ञापन दिया गया था, जिसमें जून 2024 तक समाधान का आश्वासन मिला था, परंतु आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। महात्मा गांधी आवास योजना-2009 के तहत प्रदेश के कई जिलों में पात्र लाभार्थियों को 100-100 गज के प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, लेकिन पंचकूला जिले के पिंजौर व कालका नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत पिंजौर ब्लॉक के 27 गांवों के पात्र लोग अब भी इस योजना से वंचित हैं।
विजय बंसल ने बताया कि वर्ष 2010 में इन 27 पंचायतों को पंचकूला नगर निगम में शामिल कर लिया गया था, जिसके बाद नगर निगम द्वारा पात्र लोगों को प्लॉट आवंटित नहीं किए गए। इस संबंध में उन्होंने हरियाणा सरकार को कानूनी नोटिस भी भेजा था। इसके बाद पंचायत विभाग निदेशक द्वारा शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक को पत्र लिखा गया और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक ने नगर निगम पंचकूला के आयुक्त को 7 अगस्त 2018, 3 जनवरी 2019, 16 सितंबर 2019, 19 सितंबर 2020 और 8 जनवरी 2021 को पत्र भेजकर प्लॉट आवंटन के निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद आज तक पात्र गरीबों को प्लॉट नहीं मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि कई गांवों में प्लॉटों की रजिस्ट्री और इंतकाल की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक लाभार्थियों को कब्जा नहीं दिया गया है। मंच ने मांग की कि ऐसे सभी पात्र लाभार्थियों को शीघ्र प्लॉटों का कब्जा दिया जाए।

इसके अलावा विजय बंसल ने पिंजौर में आदर्श प्रदर्शन आवासीय योजना का मुद्दा उठाते हुए बताया कि वर्ष 2009 में केंद्र सरकार के शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय द्वारा गरीबों के लिए 24 मकानों की योजना शुरू की गई थी, जिसकी आधारशिला तत्कालीन केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान सांसद कुमारी शैलजा ने रखी थी। वर्ष 2012 में इन मकानों का उद्घाटन भी किया गया, लेकिन पिछले लगभग 11 वर्षों से इनका आवंटन नहीं होने के कारण मकान खंडहर में तब्दील होते जा रहे हैं, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री और उपायुक्त पंचकूला को भी इस संबंध में ज्ञापन दिया गया था, जिसके बाद मकान आवंटन की पॉलिसी बनाई गई, लेकिन वह आज तक लागू नहीं हो सकी। वर्तमान में इन मकानों की फाइल नगर निगम कमिश्नर कार्यालय में विचाराधीन है, जबकि बिना आवंटन के इनकी मरम्मत पर अनावश्यक खर्च किया जा रहा है।
विजय बंसल एडवोकेट ने नगर निगम कमिश्नर से मांग की कि आदर्श प्रदर्शन आवासीय योजना के अंतर्गत बने 24 मकानों को जल्द से जल्द गरीबों को आवंटित करने के निर्देश जारी किए जाएं, ताकि जरूरतमंद परिवारों को उनका हक मिल सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 9 8 3
Total Users : 400983
Total views : 646827

शहर चुनें