April 6, 2026 3:17 am

April 6, 2026 3:17 am

न्यूयॉर्क कोर्ट में पेश हुए वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो, सभी आरोपों से किया इनकार

न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क में अपनी पहली अदालत पेशी के दौरान वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। दोनों ने अमेरिकी सरकार पर उन्हें वेनेजुएला से “अगवा” किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। यह जानकारी सीएनएन की रिपोर्ट में सामने आई है।
सीएनएन के मुताबिक, सोमवार (स्थानीय समय) को हुई सुनवाई के दौरान मादुरो और फ्लोरेस ने ड्रग्स तस्करी और हथियारों से जुड़े मामलों में खुद को बेगुनाह बताया। फिलहाल दोनों ने अपनी हिरासत को अदालत में चुनौती नहीं दी। यह पेशी न सिर्फ ऐतिहासिक मानी जा रही है, बल्कि एक लंबी कानूनी लड़ाई की शुरुआत भी है, जिसमें मादुरो के सैन्य कब्जे और उनकी वैधानिक स्थिति पर सवाल उठ सकते हैं।
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान देते हुए कहा था, “अब हम इंचार्ज हैं।” वहीं, ट्रंप प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि वेनेजुएला में अंतरिम नेतृत्व के तहत हो रही गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इसी बीच, मादुरो की करीबी और लंबे समय से उपराष्ट्रपति रहीं डेल्सी रोड्रिगेज ने सोमवार को कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।
कोर्ट में पहचान की पुष्टि के दौरान मादुरो खड़े हुए और स्पैनिश में बयान दिया, जिसका अंग्रेज़ी में अनुवाद किया गया। उन्होंने अदालत को बताया कि उन्हें “काराकस स्थित उनके घर से पकड़ा गया।” जब जज एल्विन हेलरस्टीन ने बीच में हस्तक्षेप किया तो मादुरो ने कहा, “मैं अब भी अपने देश का राष्ट्रपति हूं।”
आरोपों पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “मैं पूरी तरह बेगुनाह हूं। मुझ पर लगाए गए किसी भी आरोप में सच्चाई नहीं है। मैं एक अच्छा इंसान हूं।”
जज हेलरस्टीन ने कहा कि मादुरो को आगे चलकर गिरफ्तारी और आरोपों पर विस्तार से अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा। मादुरो के वकील ने पुष्टि की कि चारों मामलों में बेगुनाह होने की अर्जी दाखिल की गई है।
वहीं, मादुरो की पत्नी सिलिया फ्लोरेस ने भी खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया। उन्होंने स्पैनिश में अदालत से कहा, “सिर्फ बेगुनाह नहीं, बल्कि पूरी तरह बेगुनाह।”
कोर्ट में पेशी के दौरान फ्लोरेस के माथे और दाहिनी कनपटी पर पट्टियां बंधी हुई थीं और उन्हें बैठने में मदद की जरूरत पड़ी।
उनके वकील मार्क डोनेली ने अदालत को बताया कि फ्लोरेस को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें मेडिकल जांच व इलाज की आवश्यकता है। वकील के अनुसार, उनकी पसलियों में फ्रैक्चर या गंभीर अंदरूनी चोट हो सकती है, जो कथित “अपहरण” के दौरान लगी हैं।
मादुरो के वकील बैरी पोलाक ने भी कहा कि पूर्व राष्ट्रपति को कुछ स्वास्थ्य समस्याएं हैं, जिन पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।
सीएनएन के अनुसार, पोलाक ने अदालत को बताया कि वे मादुरो की गिरफ्तारी और आरोपों दोनों को चुनौती देने के लिए कई कानूनी प्रस्ताव दाखिल करेंगे। उन्होंने इसे अमेरिकी एजेंसियों द्वारा किया गया “सैन्य अपहरण” करार दिया और तर्क दिया कि एक संप्रभु राष्ट्र के नेता होने के नाते मादुरो को विशेष अधिकार और छूट प्राप्त हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि मादुरो और फ्लोरेस दोनों ने वेनेजुएला के कांसुलेट प्रतिनिधि से मिलने की मांग की है। अमेरिकी कानून के तहत हिरासत में लिए गए विदेशी नागरिकों को कांसुलर एक्सेस का अधिकार होता है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि इस अनुरोध पर कैसे कार्रवाई होगी।
सुनवाई के दौरान दोनों के वकीलों ने तत्काल रिहाई की मांग नहीं की, लेकिन संकेत दिए कि जल्द ही औपचारिक जमानत याचिका दायर की जाएगी। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 17 मार्च के लिए तय कर दी है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 4 3
Total Users : 291343
Total views : 493639

शहर चुनें