June 15, 2026 2:20 pm

June 15, 2026 2:20 pm

अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क पर पंचकूला पुलिस का बड़ा प्रहार, 6 करोड़ की हेरोइन सहित BCA ग्रेजुएट तस्कर गिरफ्तार

चंडीगढ़ में ठिकाना बनाकर ट्राइसिटी में 7 दिन में खपानी थी खेप, पाकिस्तान बॉर्डर से जुड़े तार; 15 लाख की ड्रग मनी भी बरामद

रमेश गोयत

चंडीगढ़/पंचकूला, 7 अप्रैल 2026: हरियाणा सरकार के ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ अभियान के तहत पंचकूला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने एक अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 6 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की हेरोइन और 15 लाख रुपये की ड्रग मनी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि 5 अप्रैल को सेक्टर-20 स्थित कुंडी गांव के पास पुलिस ने 23 वर्षीय लवजोत सिंह निवासी जलालाबाद (जिला फाजिल्का, पंजाब) को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्तमान में चंडीगढ़ में किराए के मकान में रह रहा था और ट्राइसिटी (पंचकूला, चंडीगढ़, मोहाली) में नशे का नेटवर्क फैला रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 किलो 89 ग्राम हेरोइन और 15 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत 6 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।


पाकिस्तान बॉर्डर से लाई गई खेप, 7 दिन में खपाने की योजना
जांच में सामने आया है कि लवजोत सिंह बीसीए ग्रेजुएट है और यह खेप सीधे पाकिस्तान सीमा से लेकर आया था। आरोपी का प्लान था कि वह महज एक सप्ताह के भीतर पूरी ट्राइसिटी में इस नशीले पदार्थ को सप्लाई कर देगा। इसके लिए उसने चंडीगढ़ को अपना बेस बना रखा था।


पहले पकड़े गए तस्करों से जुड़ा नेटवर्क
इस पूरे मामले की कड़ियां 3 अप्रैल को हुई एक अन्य गिरफ्तारी से जुड़ी हैं। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 ने रायपुररानी के टाबर गांव से साहिल नामक युवक को 310 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में साहिल ने बताया कि वह यह नशा अपने रिश्तेदार सतनाम सिंह से लाता था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 अप्रैल को सतनाम सिंह को भी गिरफ्तार किया। सतनाम ने खुलासा किया कि उसका मुख्य सप्लायर लवजोत सिंह है, जिसके बाद पुलिस ने इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज, 4 दिन का रिमांड
आरोपी लवजोत सिंह के खिलाफ सेक्टर-20 थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे 6 अप्रैल को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने 4 दिन का रिमांड हासिल किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी से नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

पंचकूला की सबसे बड़ी रिकवरी, हरियाणा में दूसरी सबसे बड़ी
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि यह बरामदगी पंचकूला पुलिस के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी है, जबकि हरियाणा में हेरोइन की यह दूसरी सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है।

पुलिस कमिश्नर का सख्त संदेश
पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने इस कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ के संकल्प के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि 6 करोड़ की हेरोइन की यह बरामदगी केवल एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि सीमा पार से संचालित बड़े सप्लाई नेटवर्क पर सीधा प्रहार है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर इसमें शामिल हर व्यक्ति को सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।

जनता से सहयोग की अपील
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समाज को नशे के इस जहर से मुक्त कराया जा सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 6 1
Total Users : 344061
Total views : 569433

शहर चुनें