April 23, 2026 10:50 am

April 23, 2026 10:50 am

HARYANA: भाजपा कोर ग्रुप बैठक में निकाय चुनाव पर बड़ा मंथन, 20 अप्रैल को तय होंगे उम्मीदवार

सीएम नायब सिंह सैनी का कांग्रेस पर हमला, बोले—अंबेडकर के सम्मान में भाजपा सबसे आगे
बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 14 अप्रैल: हरियाणा में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में आयोजित भाजपा की कोर ग्रुप बैठक में चुनावी रणनीति से लेकर संगठनात्मक गतिविधियों तक कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। करीब दो घंटे चली इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव ओम प्रकाश धनखड़, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, डॉ. कमल गुप्ता, कैप्टन अभिमन्यु और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

चुनावी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर फोकस
बैठक में आगामी नगर निकाय चुनावों की रणनीति को लेकर गहन मंथन किया गया। इसके साथ ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम, प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम और पार्टी के चल रहे व आगामी अभियानों की समीक्षा भी की गई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य सरकार की नीतियों और योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी, वहीं प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया। प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंच सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आने वाले दिनों में जनसंपर्क अभियान, सामाजिक कार्यक्रम और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति दी जाएगी।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोकसभा में नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर रणनीति तैयार की गई है और इसमें भाजपा महिला मोर्चा अहम भूमिका निभाएगा। पंचायतों, नगर पालिकाओं और नगर निगमों में इस बिल के समर्थन में प्रस्ताव पारित करवाए जाएंगे।
उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों से समाज में सकारात्मक बदलाव आया है और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक काम हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन है कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।

निकाय चुनाव के लिए बनेगी कमेटी, 20 अप्रैल को उम्मीदवार तय
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा हर समय चुनाव के लिए तैयार रहती है। निकाय चुनावों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली जल्द ही कमेटी का गठन करेंगे जो चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देगी।
प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि पांच सदस्यीय कमेटी 15 और 16 अप्रैल को नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्रों में रायशुमारी कर रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके बाद 17 से 19 अप्रैल तक हर वार्ड में कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल को चुनाव समिति की अहम बैठक होगी, जिसमें उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी।

कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद यदि किसी ने बाबा साहेब को सही सम्मान दिया है तो वह नरेंद्र मोदी हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा डॉ. अंबेडकर का अपमान किया और उनके नाम पर केवल वोट बैंक की राजनीति की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहेब से जुड़े पांच स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है।

भाजपा की जीत का दावा
प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पार्टी ने निकाय चुनावों के लिए पूरी रणनीति तैयार कर ली है और संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा चुकी हैं।
उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और जनता का भरोसा भाजपा के साथ है। बड़ौली ने कहा कि आने वाले निकाय चुनावों में भाजपा की जीत तय है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 0 3 6 8 6
Total Users : 303686
Total views : 511478

शहर चुनें