बाबूगिरी ब्यूरो
सोनीपत (हरियाणा): जिले के कुंडली थाना क्षेत्र के गांव अटेरना में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली ENO बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने मौके से हजारों की संख्या में ENO के पाउच बरामद किए। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी परिसर में हरपिक हैंडवॉश जैसे उत्पादों का निर्माण भी किया जा रहा था, जिनके लाइसेंस की वैधता की जांच शुरू कर दी गई है।
ब्रांड नाम का दुरुपयोग, मामला दर्ज
पुलिस ने कंपनी के ब्रांड नाम का दुरुपयोग कर नकली ENO तैयार करने के आरोप में फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जब्त किए गए उत्पादों के सैंपल जांच के लिए कुरुक्षेत्र स्थित लैब में भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि असली और नकली उत्पादों में क्या अंतर है और इनमें कौन-कौन से हानिकारक तत्व मौजूद हैं।
सेहत के साथ खिलवाड़, लालच बना वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध तरीके से चल रही इस फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुछ लोग तेजी से मुनाफा कमाने के लालच में आम जनता की सेहत को खतरे में डाल रहे हैं। खेतों के बीच संचालित इस फैक्ट्री को बेहद गुप्त तरीके से चलाया जा रहा था।
मौके से फरार मिला संचालक
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री का संचालक अमरजीत दहिया मौके पर नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन भी बंद पाया गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
स्वास्थ्य और फूड सेफ्टी विभाग भी जांच में जुटा
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग और फूड सेफ्टी विभाग की टीमों को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि फैक्ट्री के पास इस प्रकार के उत्पाद बनाने का कोई वैध लाइसेंस नहीं है।
आयुष विभाग के डॉक्टर रामावतार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में उत्पाद संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं और विस्तृत रिपोर्ट लैब परीक्षण के बाद ही सामने आएगी।
सैंपल लैब भेजे, फैक्ट्री सील
फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी डॉक्टर वीरेंद्र ने जानकारी दी कि पुलिस को लिखित शिकायत सौंप दी गई है। मौके से बरामद सभी उत्पादों को सील कर दिया गया है और उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि “जनता की सेहत के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। आशंका है कि नकली उत्पादों की सप्लाई अन्य जिलों और राज्यों तक भी की जा रही थी।












Total Users : 305849
Total views : 514535