June 5, 2026 3:28 am

June 5, 2026 3:28 am

PANCHKULA NEWS: मोरनी में CM की जनसुनवाई, लापरवाही पर सख्त संदेश; ट्रांसफार्मर में देरी पर FIR के निर्देश

रमेश गोयत
पंचकूला, 3 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने बुधवार को मोरनी स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत टिक्कर हिल्स में लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए बिजली ट्रांसफार्मर लगाने में हुई देरी पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने बिजली विभाग को संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
कुदाना पंचायत के गांव बाबड़वाली में गली निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत पर भी मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए और निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सरकार मोरनी क्षेत्र के हर गांव को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में अभूतपूर्व सड़क विकास हुआ है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनना और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी विभाग जवाबदेही के साथ कार्य करें।
जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रवासियों ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए सभी शिकायतों का निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित करने और कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
सड़क निर्माण से जुड़े मामलों में समलोठा से जियाघाट वाया कुडाना घाट तथा भयाल-दुंदल सड़क परियोजनाओं में हो रही देरी पर मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को तुरंत निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के लिए शिवालिक विकास बोर्ड से लगभग 2.36 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री ने मोरनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने मौजूदा भवन का विस्तार कर उसे बहुमंजिला स्वरूप में विकसित करने तथा सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को उपचार के लिए पंचकूला का रुख न करना पड़े।
बिजली व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कुदाना पंचायत, टिक्कर हिल्स, भवनौल और अन्य गांवों में लो-वोल्टेज की समस्या का संज्ञान लेते हुए नए ट्रांसफार्मर लगाने, बिजली लाइनों की मरम्मत और नेटवर्क को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। वहीं धारला पंचायत के गांव जुलू में पेयजल बूस्टर के लिए बिजली कनेक्शन जारी करने के आदेश भी मौके पर दिए गए।
पेयजल संकट के समाधान के लिए थापली और मटौर पंचायत के गांवों में अधिक क्षमता वाली पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ऊंचाई पर स्थित भोज जबयाल गांव में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने आवश्यकता पड़ने पर ट्यूबवेल के माध्यम से भी पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

पोंटा पंचायत के गांव बासवाला में नदी पर पुल निर्माण की मांग पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव प्राप्त होते ही परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार अंत्योदय की भावना के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार पर करना है, ताकि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और जवाबदेही मजबूत हो सके।
इस अवसर पर कालका विधायक Shakti Rani Sharma, मुख्य सचिव Anurag Rastogi, उपायुक्त Satpal Sharma, पुलिस उपायुक्त Srishti Gupta, अतिरिक्त उपायुक्त Nisha Yadav सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 3 3 2 5 6
Total Users : 333256
Total views : 554025

शहर चुनें