June 5, 2026 2:30 am

June 5, 2026 2:30 am

CHANDIGARH: पुलिस ने ब्लाइंड लूट की वारदात का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

लूटी गई नकदी, पर्स, दस्तावेज, चाकू और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा बरामद
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 3 जून। चंडीगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हल्लो माजरा क्षेत्र में पार्सल डिलीवरी कर्मी से चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, पीड़ित का पर्स, आधार और पैन कार्ड की प्रतियां, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू तथा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई यूटी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशों पर एसपी सिटी और एसडीपीओ साउथ के मार्गदर्शन में थाना सेक्टर-31 की टीम द्वारा की गई। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए तीनों आरोपियों को 3 जून को गिरफ्तार किया।

ऐसे हुई थी वारदात
मामले में विकास नगर, मौली जागरां निवासी जितेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह पार्सल डिलीवरी का काम करता है। 1 जून को करीब 4:15 बजे वह साइकिल पर हैलोमाजरा स्थित रविदास मंदिर के पास एक पार्सल पहुंचाने गया था। इसी दौरान गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब के निकट एक्टिवा पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे।
शिकायत के अनुसार, दो युवकों ने उसे पकड़ लिया, जबकि एक ने जेब से चाकू निकालकर धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पैंट की पिछली जेब से काला पर्स छीन लिया, जिसमें 3,200 रुपये नकद, आधार कार्ड और पैन कार्ड की प्रतियां थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

जांच में पुलिस को मिली सफलता
मामले में दर्ज एफआईआर संख्या 89 दिनांक 2 जून 2026 के तहत जांच शुरू की गई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदरबार फेज-1 निवासी 28 वर्षीय विशाल उर्फ अजय, सेक्टर-25 निवासी 28 वर्षीय विनीत उर्फ बिन्नी तथा इंदिरा आवास कॉलोनी, रामदरबार निवासी 25 वर्षीय अभि उर्फ लाला उर्फ अवि के रूप में हुई है।

बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों से निम्नलिखित सामान बरामद किया है—
वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा (सीएच-01-सीएच-9553)
एक रसोई वाला चाकू
पीड़ित का काला लेदर पर्स
पैन कार्ड की प्रति
आधार कार्ड की प्रति
लूटी गई नकदी में से 200 रुपये
पुलिस के अनुसार, विनीत से आधार कार्ड की प्रति और 150 रुपये नकद, अभि से 50 रुपये नकद तथा विशाल से चाकू और पीड़ित का पर्स बरामद किया गया।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
जांच में पता चला है कि तीनों आरोपियों का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मुख्य आरोपी विशाल के खिलाफ आर्म्स एक्ट तथा मारपीट और धमकी देने के मामले दर्ज हैं। विनीत पर हत्या के प्रयास, मारपीट, झगड़ा और अन्य कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अभि के खिलाफ चोरी और स्नैचिंग के मामलों में पहले भी केस दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है तथा रिमांड लेकर उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़े हुए हैं या नहीं।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 3 3 2 5 3
Total Users : 333253
Total views : 554022

शहर चुनें