बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला/हिसार, 4 जून। हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी रूप से लागू करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), हरियाणा ने एक और सफल ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है। ब्यूरो की टीम ने कृषि भूमि के इंतकाल (म्यूटेशन) के बदले रिश्वत मांगने वाले महेंद्र सिंह पटवारी को 1,700 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना एसवी एंड एसीबी, हिसार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या था मामला-
ब्यूरो के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी कृषि भूमि के इंतकाल की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए गांव सिसवाल, तहसील आदमपुर, जिला हिसार स्थित पटवारखाना में कार्यरत पटवारी महिंदर सिंह द्वारा 1,700 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन करने के उपरांत एसवी एंड एसीबी की सिरसा इकाई ने ट्रैप का आयोजन किया। कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से 1,700 रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया गया। मामले की जांच जारी है तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से पुनः आह्वान किया है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई में सक्रिय भागीदारी निभाएं। यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल ब्यूरो के टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा 1064 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।













Total Users : 333253
Total views : 554022