September 20, 2026 12:19 am

September 20, 2026 12:19 am

PANCHKULA NEWS: पिंजौर के मुख्य बाजार में दिनदहाड़े दुकानदार की हत्या

पांच हमलावरों ने लाठी-डंडों और चाकू से किया हमला

रमेश गोयत
पंचकूला, 5 जून। हरियाणा के पिंजौर में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात में कपड़ा व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मुख्य बाजार में स्थित अपनी दुकान के पास स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे दुकानदार पर करीब पांच अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 42 वर्षीय जितेश मनोचा के रूप में हुई है, जो मुख्य बाजार में मनोचा क्लॉथ हाउस नाम से कपड़ों की दुकान चलाते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर अचानक हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और जितेश की काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी का दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर घसीट लिया। इसके बाद हमलावरों ने उनके सिर, चेहरे, पेट और पीठ पर लाठी-डंडों तथा चाकू से लगातार वार किए।
घटना के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए जितेश मनोचा सड़क पर ही गिर पड़े, लेकिन हमलावर हमला करते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए।
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने घायल अवस्था में पड़े जितेश को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पंचकूला सेक्टर-6 स्थित जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि पांच युवक हथियारों के साथ स्कॉर्पियो के पास पहुंचते हैं। एक हमलावर गाड़ी का दरवाजा खोलकर जितेश को बाहर खींचता है, जिसके बाद सभी आरोपी मिलकर उन पर हमला शुरू कर देते हैं। वीडियो में एक आरोपी को चाकू से वार करते हुए भी देखा गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
वारदात की सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से डंडे-लाठियों सहित अन्य साक्ष्य कब्जे में लिए। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा सीसीटीवी फुटेज भी जांच के लिए जब्त कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, व्यापारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है।
दिनदहाड़े बाजार के बीच हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 4 4 3
Total Users : 416443
Total views : 667522

शहर चुनें