August 5, 2026 3:52 am

August 5, 2026 3:52 am

PUNJAB NEWS: धूरी से नायब सैनी का पंजाब सरकार पर हमला, बोले- चुटकुलों से सिनेमा हॉल चल सकते हैं, सरकार नहीं

पंजाब में डबल इंजन सरकार बनाने का आह्वान, ‘आप’ पर झूठे वादों और किसानों से विश्वासघात का आरोप
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 7 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पंजाब के धूरी में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री को चुटकुलों के अलावा कुछ नहीं आता और चुटकुलों से सिनेमा हॉल तो चल सकते हैं, लेकिन सरकार नहीं चलाई जा सकती। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता अब झूठे वादों और खोखले आश्वासनों की राजनीति से ऊब चुकी है तथा प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता स्वयं को क्रांतिकारी बताते हैं, जबकि वास्तव में वे “भ्रांतिकारी” हैं, जो अपनी कमियों को छिपाने के लिए जनता को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि धूरी पंजाब के मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र है, लेकिन मुख्यमंत्री ने धूरी ही नहीं, पूरे पंजाब से दूरी बना ली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी विकास के मामले में अग्रणी रहने वाला पंजाब आज पिछड़ता जा रहा है और नशे के खिलाफ लड़ाई केवल विज्ञापनों तक सीमित होकर रह गई है।
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए नायब सैनी ने कहा कि 2022 में पंजाब के किसानों ने आम आदमी पार्टी पर भरोसा किया था, लेकिन उन्हें न तो सभी फसलों पर एमएसपी का लाभ मिला और न ही फसल खराब होने पर उचित मुआवजा। उन्होंने इसे किसानों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात बताया। इसके विपरीत हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जाती हैं। उन्होंने दावा किया कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान किसानों को हजारों करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है तथा फसल भुगतान 72 घंटे के भीतर किसानों के खातों में पहुंचाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता ने कांग्रेस से छुटकारा पाने के लिए आम आदमी पार्टी को मौका दिया था, लेकिन उसे अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल वादे नहीं करती बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने का काम करती है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए चलाई गई योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि पंजाब की जनता भाजपा को अवसर देती है तो राज्य भी विकास की नई राह पर आगे बढ़ सकता है।
युवाओं के रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में पारदर्शी व्यवस्था के तहत बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में लाखों युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार मिला है, जिससे शासन व्यवस्था पर जनता का विश्वास मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि पंजाब को ऐसी सरकार की जरूरत है जो केवल घोषणाएं न करे, बल्कि उन्हें प्रभावी ढंग से लागू भी करे। किसानों, युवाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए जवाबदेह और मजबूत नेतृत्व आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ही पंजाब में सुशासन, निवेश, रोजगार और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति दे सकती है।
नायब सैनी ने हरियाणा और पंजाब की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की तुलना करते हुए कहा कि हरियाणा में बुजुर्गों को अधिक पेंशन, जरूरतमंद परिवारों को आवास, महिलाओं को आर्थिक सहायता और आयुष्मान भारत व चिरायु योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के मोहल्ला क्लीनिकों में न तो पर्याप्त दवाइयां हैं और न ही डॉक्टर उपलब्ध हैं।
जनसभा के अंत में मुख्यमंत्री ने पंजाब की जनता से आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल सरकार चुनने का नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य, युवाओं के रोजगार, किसानों की समृद्धि और राज्य के समग्र विकास का चुनाव है। उन्होंने लोगों से पंजाब में मजबूत और विकासोन्मुख डबल इंजन सरकार बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, रणदीप सिंह दयोल, जिलाध्यक्ष सरजीवन जिंदल, डॉ. ओमकार सिंह, सतवंत सिंह पूनिया, सुखविंद्र ग्रेवाल तथा नृपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 8 2 5 5 2
Total Users : 382552
Total views : 621932

शहर चुनें