रमेश गोयत
चंडीगढ़, 10 जून। चंडीगढ़ पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिनदहाड़े लूट की वारदात को सुलझाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पर्स, नकदी, एमसी (म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन) का पहचान पत्र, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू तथा पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यूटी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में SHO हरिओम शर्मा थाना सेक्टर-31 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिन उर्फ हर्षु (22) और आशु उर्फ चिंटू (18.5) को गिरफ्तार किया। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में मौली जागरा के विकास नगर में रह रहे थे।
सड़क पर काम कर रहे मजदूर को बनाया निशाना
यह मामला थाना सेक्टर-31 में एफआईआर नंबर 95 दिनांक 9 जून 2026 के तहत दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता सुधीर कुमार, निवासी मलोया कॉलोनी, ने पुलिस को बताया कि वह सड़क मरम्मत का कार्य करता है। 9 जून की सुबह करीब 10:30 बजे वह सेक्टर-47 की ओर जाने वाली सड़क पर काम कर रहा था।
इसी दौरान एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी (नंबर CH01TA-8280) वहां आकर रुकी। वाहन से तीन युवक उतरे, जिनमें से एक ने चाकू दिखाते हुए धमकी दी कि यदि उसके पास जो कुछ भी है वह नहीं दिया तो उसे चाकू मार दिया जाएगा। इसके बाद अन्य दो युवकों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पैंट की पिछली जेब से पर्स निकाल लिया। पर्स में नगर निगम का पहचान पत्र और लगभग 2200 रुपये नकद थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिकअप वाहन में सवार होकर फैदां बैरियर की ओर फरार हो गए।
जांच के दौरान आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी सचिन उर्फ हर्षु के कब्जे से लूटा गया पर्स, नकदी और एमसी का पहचान पत्र बरामद किया गया। वहीं आरोपी आशु उर्फ चिंटू के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी को कानूनी प्रक्रिया के तहत कब्जे में लेकर जब्ती मेमो तैयार किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की जांच जारी है।
आरोपियों का प्रोफाइल
सचिन उर्फ हर्षु
उम्र: 22 वर्ष
शिक्षा: 10वीं पास
पेशा: ड्राइवर
पता: विकास नगर, मौली जागरा, चंडीगढ़
आशु उर्फ चिंटू
उम्र: 18.5 वर्ष
शिक्षा: 9वीं पास
पेशा: मजदूरी
पता: विकास नगर, मौली जागरा, चंडीगढ़
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।













Total Users : 341860
Total views : 566251