अवैध प्रवासियों और ठिकानों पर चलेगा विशेष ऑपरेशन
रमेश गोयत
पंचकूला, 15 जून। पंचकूला को अपराध और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में एक व्यापक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत शहर में सड़क किनारे अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ियां और अस्थायी ठिकाने बनाकर रह रहे प्रवासियों तथा संदिग्ध व्यक्तियों का गहन सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के सहयोग से इन अवैध कब्जों को हटाकर संबंधित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
सुरक्षा और कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता: पंकज नैन
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस इकाइयों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि पंचकूला की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिना वैध पहचान और दस्तावेजों के सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से रहना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि शहर की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे सभी ठिकानों का विस्तार से सत्यापन किया जाएगा और जो व्यक्ति बिना पहचान पत्र या संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि एचएसवीपी के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध कब्जों को पूरी तरह हटाया जाएगा ताकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों को किसी प्रकार की शरण न मिल सके।
संयुक्त अभियान के तहत होगी व्यापक जांच
इस विशेष अभियान की जानकारी देते हुए डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कई लोग बिना पुलिस सत्यापन और वैध पहचान के रह रहे हैं। ऐसे ठिकाने सुरक्षा की दृष्टि से चिंता का विषय बने हुए थे।
उन्होंने कहा कि पुलिस की विभिन्न टीमें पहले ही सक्रिय कर दी गई हैं और प्रत्येक संदिग्ध स्थान का निरीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है। डीसीपी ने आशंका जताई कि कुछ अज्ञात ठिकानों का उपयोग नशा तस्करी, चोरी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से यह विशेष अभियान शुरू किया है।
एक सप्ताह में अभियान पूरा करने का लक्ष्य
सृष्टि गुप्ता ने बताया कि अभियान को तेज गति से चलाया जाएगा और प्रयास रहेगा कि आगामी एक सप्ताह के भीतर अधिकांश अवैध ठिकानों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि पंचकूला को सुरक्षित, स्वच्छ और अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा नागरिकों से भी सहयोग की अपेक्षा है।














Total Users : 349164
Total views : 576485