रमेश गोयत
पंचकूला, 15 जून। शहर में बढ़ते यातायात दबाव, सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग और आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब सड़क किनारे या सार्वजनिक मार्गों पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मौके पर ही चालान किया जाएगा।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि पंचकूला के मुख्य मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध पार्किंग के कारण अक्सर यातायात बाधित होता है। इसके चलते ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसके अलावा आम लोगों को आवागमन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित और वैध पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़कों, बाजारों, चौराहों तथा अन्य सार्वजनिक मार्गों पर वाहन पार्क करना यातायात नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे मामलों में ट्रैफिक पुलिस द्वारा मौके पर ही चालान की कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। यदि सभी वाहन चालक पार्किंग नियमों का पालन करेंगे तो यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और सड़कों पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है, ताकि शहर को जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से राहत मिल सके।














Total Users : 349193
Total views : 576517