September 20, 2026 12:57 am

September 20, 2026 12:57 am

HARYANA: पलवल में बड़ी कार्रवाई: बिजली निगम का  ALM ₹7,500 रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

चंडीगढ़, 8 जनवरी। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Vigilance & Anti-Corruption Bureau) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के ए.एल.एम. (Assistant Lineman) गणेश कुमार को ₹7,500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सतर्कता ब्यूरो के उपकेन्द्र पलवल द्वारा की गई।
घर-घर बिजली योजना के तहत मांगी थी रिश्वत
ब्यूरो के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि हरियाणा सरकार की घर-घर बिजली योजना के अंतर्गत गांव मंडौरी में बिजली के खंभे, केबल और मीटर लगाने का कार्य चल रहा था, जिसकी जिम्मेदारी आरोपी लाइनमैन गणेश कुमार के पास थी। शिकायतकर्ता का मकान मुख्य सड़क से करीब 300 मीटर दूर स्थित है।
जब बिजली कनेक्शन और खंभा लगाने का अनुरोध किया गया, तो आरोपी ने इस कार्य के बदले ₹10,000 की रिश्वत की मांग की।

पहले ₹2,500 लिए, काम नहीं किया
मजबूरी में शिकायतकर्ता ने 22 दिसंबर 2025 को आरोपी को ₹2,500 की राशि दे दी, लेकिन इसके बावजूद न तो बिजली का खंभा लगाया गया और न ही मीटर स्थापित किया गया। इसके बाद आरोपी लगातार शेष ₹7,500 की रिश्वत की मांग करता रहा।

योजनाबद्ध ट्रैप में गिरफ्तारी
शिकायत की सत्यता की जांच के बाद सतर्कता ब्यूरो एवं एसीबी उपकेन्द्र पलवल की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। बुधवार को गांव मंडौरी में आरोपी को शिकायतकर्ता से ₹7,500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस: एसपी
सतर्कता ब्यूरो फरीदाबाद रेंज के पुलिस अधीक्षक अनिल यादव ने बताया कि आरोपी से बरामद की गई रिश्वत की राशि और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 4 5 6
Total Users : 416456
Total views : 667537

शहर चुनें