April 5, 2026 10:11 pm

April 5, 2026 10:11 pm

PANCHKULA: BMW कार से रैकी कर ज्वेलरी शॉप में चोरी: 5 हजार का इनामी चौथा आरोपी गिरफ्तार

पहले से 3 आरोपी काबू, करीब 5 लाख रुपये के गहने बरामद

पंचकूला, 08 जनवरी। पंचकूला पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में हुई बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चौथे फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी 5 हजार रुपये का इनामी बदमाश है, जिसके खिलाफ पहले से 5 चोरी के मामले दर्ज हैं। इससे पहले पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने बरामद कर चुकी है।

7-8 दिसंबर की रात हुई थी चोरी
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 8 दिसंबर को सेक्टर-16 पुलिस चौकी में चंडीगढ़ निवासी एक ज्वेलर ने शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार 7 दिसंबर की रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह दुकान खोलने पर शटर टूटा हुआ मिला और दुकान से गहने चोरी पाए गए। इस संबंध में थाना सेक्टर-14 में धारा 305 व 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

21 और 22 दिसंबर को दो आरोपी गिरफ्तार
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि जांच के दौरान 21 दिसंबर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-19, पंचकूला की टीम ने आरोपी राजू और हेमंत को गिरफ्तार किया। 22 दिसंबर को दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों ने वारदात की निशानदेही की और अन्य साथियों के बारे में खुलासा किया।

चोरीशुदा चांदी व आर्टिफिशियल जेवरात बरामद
24 दिसंबर को आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा चांदी व आर्टिफिशियल जेवरात बरामद किए गए, जिसके बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बीएमडब्ल्यू कार से रैकी करने वाला तीसरा आरोपी भी काबू
मामले में फरार तीसरे आरोपी विनीत वर्मा उर्फ लड्डू गोपाल की अग्रिम जमानत याचिकाएं अदालत द्वारा खारिज कर दी गई थीं। इसके बाद 2 जनवरी को उसे मोहाली (पंजाब) के प्लाजा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर सोना-चांदी के जेवरात, चांदी की मूर्तियां व अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपी ने बीएमडब्ल्यू कार से रेकी करना कबूल किया। उसे 5 जनवरी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

5 हजार का इनामी चौथा आरोपी गिरफ्तार
7 जनवरी को गुप्त सूचना के आधार पर चौथे फरार आरोपी विमल उर्फ गोगी, निवासी मौली जागरां, चंडीगढ़ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पहले से 5 चोरी के मामले दर्ज हैं और वह 5 हजार रुपये का इनामी बदमाश है। आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। रिमांड के दौरान उससे शेष चोरीशुदा गहनों की बरामदगी और अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

संगठित अपराधों पर सख्ती जारी: पुलिस कमिश्नर
पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि पंचकूला पुलिस अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ज्वेलरी चोरी जैसे मामलों में पेशेवर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने क्राइम ब्रांच व जांच टीम की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी संगठित अपराधों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 1 8
Total Users : 291318
Total views : 493612

शहर चुनें