September 19, 2026 11:34 pm

September 19, 2026 11:34 pm

HARYANA: CJI सूर्यकांत 9–10 जनवरी को हिसार दौरे पर, पैतृक गांव पेटवाड़ में होगा भव्य सम्मान और देसी भोजन

हिसार। भारत के मुख्य न्यायमूर्ति (CJI) जस्टिस सूर्यकांत 9 और 10 जनवरी को दो दिवसीय दौरे पर हिसार आ रहे हैं। इस दौरान वे न केवल विभिन्न न्यायिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे, बल्कि अपने पैतृक गांव पेटवाड़ पहुंचकर पुराने साथियों और ग्रामीणों से भी मुलाकात करेंगे। CJI बनने के बाद यह उनका पहला हिसार और पैतृक गांव का दौरा होगा।

न्यायिक कार्यक्रमों में शिरकत, नई अदालतों का उद्घाटन और शिलान्यास
मुख्य न्यायमूर्ति सूर्यकांत 9 जनवरी को हिसार पहुंचेंगे। इसके बाद वे हांसी न्यायिक परिसर का दौरा करेंगे, जहां न्यायिक भवन को फूलों और सजावटी लाइटों से सजाया जा रहा है। गेट से लेकर पूरे परिसर को आकर्षक रूप दिया गया है।
10 जनवरी को CJI सूर्यकांत नारनौंद में कोर्ट का शुभारंभ करेंगे और उपमंडल परिसर के पीछे प्रस्तावित नए न्यायिक परिसर की आधारशिला रखेंगे। इसी दिन वे बरवाला कोर्ट परिसर में भी नए न्यायिक भवन की आधारशिला रखेंगे।

80 न्यायाधीश और 200 से अधिक अधिवक्ताओं के शामिल होने की संभावना
बरवाला कार्यक्रम में करीब 80 न्यायाधीशों के शामिल होने की संभावना है, जबकि लगभग 200 अधिवक्ताओं के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए वाटरप्रूफ टेंट और भव्य पंडाल लगाए गए हैं। जिला प्रशासन और न्यायिक विभाग कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने में जुटा हुआ है।

पैतृक गांव पेटवाड़ में सम्मान समारोह, देसी खाने का होगा आयोजन
10 जनवरी को बरवाला कार्यक्रम के बाद CJI सूर्यकांत अपने पैतृक गांव पेटवाड़ में आयोजित सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे। पेटवाड़ के स्टेडियम में ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। गांव के सरपंच प्रतिनिधि सतबीर सिंह और CJI के बड़े भाई मास्टर ऋषिकांत ने बताया कि गांव में उनके लिए पारंपरिक देसी भोजन की व्यवस्था की गई है।
इस सम्मान समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है, जिससे प्रशासन और आयोजकों की तैयारियां और तेज कर दी गई हैं। CJI के साथ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 51 जजों की टीम भी आने की संभावना है।

हाईकोर्ट जजों और प्रशासन ने किया तैयारियों का निरीक्षण
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस हरसिमरन सेठी, जस्टिस अलका सरीन और जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। न्यायिक परिसरों का कायाकल्प किया जा रहा है और परिसर में विभिन्न किस्म के पौधे और डिजाइनर गमले लगाए जा रहे हैं।

CJI के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी कार्यक्रम स्थलों के आसपास पुलिस बल की तैनाती रहेगी। टेंट और पंडाल के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
हांसी बार एसोसिएशन के प्रधान पवन ने बताया कि न्यायिक भवन को फूलों से सजाया जा रहा है। वहीं हिसार बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप बूरा ने कहा कि CJI सूर्यकांत के आगमन को लेकर बैठने, पार्किंग और अन्य सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की जा रही है।
राखीगढ़ी का दौरा भी हो सकता है शामिल
दौरे के दौरान हिसार आए अन्य न्यायाधीश विश्व प्रसिद्ध हड़प्पाकालीन स्थल राखीगढ़ी का भी दौरा कर सकते हैं। पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन और एसडीएम विकास यादव ने पेटवाड़ गांव में तैयारियों का निरीक्षण किया, जबकि उपायुक्त महेंद्र पाल ने हिसार में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मुख्य न्यायमूर्ति सूर्यकांत के आगमन को लेकर पूरे जिले में उत्साह और उल्लास का माहौल है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 4 1 5
Total Users : 416415
Total views : 667491

शहर चुनें